विधानसभा चुनाव 2027: आजम की रिहाई- संविधान की जीत या हार? यूपी के नेताओं के बीच छिड़ी सियासी बहस, राजभर ने दी अखिलेश यादव के लिए चुनौती

आजम की रिहाई- संविधान की जीत या हार? यूपी के नेताओं के बीच छिड़ी सियासी बहस, राजभर ने दी अखिलेश यादव के लिए चुनौती
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को अंतरिम जमानत मिलने के बाद यूपी की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस और सपा नेताओं ने इसे न्याय की जीत बताया, जबकि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने आजम खान पर निशाना साधा।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तरप्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को अंतरिम जमानत मिलने के बाद सूबे की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस और सपा नेताओं ने अदालत के फैसले का स्वागत करते हुए इसे न्याय और संविधान की जीत बताया है। वहीं, भाजपा और उसके सहयोगी दल के नेताओं ने आजम खान को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है।

इसे लेकर मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने आजम खान को चुनौती देते हुए कहा कि यदि वे वास्तव में बड़े नेता हैं तो अखिलेश यादव से घोषणा करवाएं कि अगला मुख्यमंत्री किसी मुस्लिम परिवार का बेटा होगा। राजभर ने दावा किया कि ऐसा कहने पर अखिलेश उन्हें पार्टी से बाहर कर देंगे।

जम्मू-कश्मीर कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने कहा कि आजम खान की गिरफ्तारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ निजी मतभेदों और रंजिश का नतीजा थी। उन्होंने अदालत के जमानत देने के फैसले का स्वागत किया। सपा सांसद जिया उर रहमान बर्क ने कहा कि न्यायालय से कुछ हद तक इंसाफ मिला है और अब पूर्ण न्याय की उम्मीद है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में जनता बदलाव लाएगी।

दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आजम खान को याद रखना चाहिए कि उन्हें केवल जमानत मिली है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश को दंगा और गुंडा प्रदेश नहीं बनने दिया जाएगा तथा अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने जमानत को सत्य और संविधान की जीत बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आजम खान को परेशान करने और जेल में रखने के प्रयास कर रही थी। उन्होंने कहा कि आजम खान के बाहर आने से समाजवादी पार्टी मजबूत होगी और भाजपा के खिलाफ उसकी लड़ाई को नई ताकत मिलेगी।

Created On :  

Tags

Next Story