उप्र चुनाव: ओवैसी-आजाद बिगाड़ सकते हैं ‘साइकिल’ और ‘हाथी’ की चाल, अखिलेश यादव के पीडीए को मिलेगी चुनौती

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तरप्रदेश चुनाव-2027 के ऐन पहले एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और दलित नेता व आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ‘रावण’ के बीच गठबंधन का ऐलान हो गया है। सामाजिक परिवर्तन मोर्चा (एसपीएम) नामक इस नए गठबंधन की घोषणा ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। अब बड़ा सवाल यह है कि ओवैसी और चंद्रशेखर का यह मिलन किस पर भारी पड़ने वाला है?
राजनीतिक जानकारों की मानें तो इस गठजोड़ से सपा प्रमुख अखिलेश यादव और बसपा सुप्रीमों मायावती के साथ कांग्रेस की मुसीबत बढ़ सकती है। वहीं मुस्लिम और दलित मतों के बंटवारे से सत्ताधारी भाजपा को फायदा मिल सकता है। दरअसल इस नए गठबंधन की कोशिश दलित और मुस्लिम मतदाताओं को साधने की है। माना जाता है कि प्रदेश में दलित (21 प्रतिशत) और मुस्लिम (19 प्रतिशत) मतदाताओं की संख्या लगभग 40 प्रतिशत है। अगर यह ‘तीसरा मोर्चा’ इन दोनों समुदाय के मतदाताओं को लुभाने में कामयाब रहा तो इसका सीधा नुकसान विपक्षी खेमे खासकर सपा और बसपा को होगा। ओवैसी की नजर प्रदेश की मुस्लिम बहुल सीटों पर है तो चंद्रशेखर की निगाह दलित बहुल सीटों पर टिकी है। राजनीतिक विश्लेषक संजय राय बताते हैं कि चूंकि अखिलेश यादव का जोर पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक मतदाताओं पर है, ऐसे में ओवैसी और चंद्रशेखर का नया समीकरण (मुस्लिम और दलित) सपा और बसपा दोनों के सियासी मंसूबे पर पानी फेर सकता है।
यह भी पढ़े -ओवैसी-चंद्रशेखर की जोड़ी पर अखिलेश की प्रतिक्रिया, 'वोटों की ठेकेदारी' खत्म होने की जताई उम्मीद
2022 चुनाव में शून्य पर आउट हुए थे ओवैसी
बता दें कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में एआईएमआईएम ने 95 उम्मीदवार उताारे थे और पार्टी को लगभग 0.49 प्रतिशत वोट मिले थे। हालांकि ओवैसी का एक भी उम्मीदवार विधानसभा नहीं पहुंच पाया था, लेकिन कई सीटों पर उनके उम्मीदवारों ने सपा की साइकिल पंचर करने का काम किया। ओवैसी मुस्लिम वोटों के सहारे हैदराबाद के बाद महाराष्ट्र और बिहार में अपना सियासी वजूद दिखा चुके हैं। बिहार में राजद गठगंधन को सत्ता से बाहर रखने में एआईएमआईएम की भी अहम भूमिका मानी जाती है। जानकार बताते हैं कि ओवैसी अब मुस्लिम वोटबैंक में सेंध लगाकर अखिलेश यादव का सियासी खेल खराब कर सकते हैं।
पश्चिमी उप्र से आते हैं मायावती और चंद्रशेखर
चंद्रशेखर की आजाद समाज पार्टी 2022 चुनाव में 110 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारकर 0.13 प्रतिशत वोट हासिल कर पाई थी। लेकिन अब दलितों और युवाओं में उसकी ताकत बढ़ी है। नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद पश्चिमी उत्तरप्रदेश से आते हैं, जो बसपा सुप्रीमों मायावती का भी इलाका है। चंद्रशेखर का प्रयास मायावती के दलित वोटबैंक हथियाने का है। स्पष्ट है कि उत्तरप्रदेश चुनाव में यह नया गठजोड़ अखिलेश यादव के साथ मायावती की भी टेंशन बढ़ाएगा।
Created On :  


