2027 Assembly Elections: ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन से यूपी की सियासत में हलचल तेज, सपा ने बताया बेअसर तो भाजपा ने कहा अवसरवादी

ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन से यूपी की सियासत में हलचल तेज, सपा ने बताया बेअसर तो भाजपा ने कहा अवसरवादी
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के संभावित गठबंधन पर सियासत तेज है। सपा ने इसे बेअसर बताया है, जबकि भाजपा नेताओं ने अवसरवादी गठबंधन करार देते हुए प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाने का दावा किया है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले तीसरे मोर्चे ने सियासी पारा चढ़ा दिया है। असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के बीच बने नए गठबंधन को लेकर सपा, भाजपा और योगी सरकार के नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी जहां इस गठबंधन को बेअसर बताते हुए अखिलेश यादव के नेतृत्व पर भरोसा जता रही है, वहीं भाजपा इसे अवसरवादी राजनीति करार देकर एक बार फिर प्रदेश में सरकार बनाने का दावा कर रही है।

सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन को लेकर कहा कि इससे चुनाव पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा भाजपा को सत्ता से बाहर करने की क्षमता और जनसमर्थन केवल अखिलेश यादव के पास है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता का योगी सरकार से भरोसा उठ चुका है और अब उसे समाजवादी पार्टी पर विश्वास है।

सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने कहा नए गठबंधन से INDIA गठबंधन और PDA को कोई नुकसान नहीं होगा। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में अखिलेश यादव के नेतृत्व को मिले समर्थन का हवाला देते हुए कहा कि चुनाव के दौरान कई दल अपनी राजनीतिक जमीन तलाशते हैं, लेकिन जनता बाहरी दलों को ज्यादा महत्व नहीं देती।

सपा नेता आशुतोष वर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी दल को चुनाव लड़ने और गठबंधन करने का अधिकार है। उन्होंने आगे कहा समाजवादी पार्टी का लक्ष्य 2027 में सरकार बनाना और प्रदेश की जनता को बेहतर शासन देना है।

दूसरी तरफ, योगी सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि सभी दलों को चुनाव लड़ने और गठबंधन करने का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन असली कसौटी जनता का विश्वास है। उन्होंने दावा किया कि मोदी और योगी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से अल्पसंख्यक समाज को भी लाभ मिला है और उसका भरोसा डबल इंजन की सरकार में बढ़ा है। उन्होंने 2027 में तीसरी बार भाजपा सरकार बनने का दावा करते हुए कहा कि इसमें अल्पसंख्यक समाज की बड़ी भूमिका होगी।

बीजेपी सांसद जगदंबिका पाल ने आजाद-ओवैसी के तीसरे फ्रंट पर निशाना साधते हुए उसे अवसरवादी करार दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले बनने वाले गठबंधन अक्सर नतीजों के बाद टूट जाते हैं और सहयोगी दल एक-दूसरे पर आरोप लगाने लगते हैं। पाल ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भाजपा सरकार बनेगी।

आपको बता दें ओवैसी और चंद्रशेखर दोनों ने ही नए फ्रंट बनाने से पहले इंडिया गठबंधन में शामिल होने की कोशिश की थी, लेकिन विफल होन पर दोनों ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा नाम से नए गठबंधन का ऐलान किया है, उनके नए गठबंधन को लेकर राजनीतिक दलों के दावे और सियासी गणित सामने आने लगे हैं। अब देखना होगा कि तीसरे मोर्चे की यह कवायद 2027 के चुनाव में विपक्षी समीकरणों को कितना प्रभावित करती है।

Created On :  

Tags

Next Story