विधानसभा चुनाव 2027: पंजाब में AAP की दूसरी सूची आज, 20 उम्मीदवारों का होगा ऐलान, कई मंत्रियों को मिल सकता है टिकट

पंजाब में AAP की दूसरी सूची आज, 20 उम्मीदवारों का होगा ऐलान, कई मंत्रियों को मिल सकता है टिकट
पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी आज उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी करेगी। दिल्ली में राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक के बाद इसका ऐलान होगा। सूत्रों के मुताबिक, सूची में सभी मंत्रियों समेत 20 नाम शामिल हो सकते हैं। पहली सूची के बाद तीन विधायकों के पार्टी छोड़ने से आप की चुनावी चुनौतियां बढ़ी हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले आम आदमी पार्टी उम्मीदवारों के चयन में तेजी दिखा रही है। पहली लिस्ट जारी होने के बाद आप को तीन विधायकों के इस्तीफे से झटका लगा है। ऐसे में दूसरी सूची पर सबकी नजरें टिकी हैं। मिली जानकारी के मुताबिक आप पार्टी आज 20 और उम्मीदवारों के नाम घोषित कर सकती है। इनमें सभी मंत्रियों के नाम शामिल होने की संभावना है।

नई दिल्ली में आज शाम पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की बैठक होगी। मुख्यमंत्री भगवंत मान भी इसमें शामिल होंगे। बैठक के बाद उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, इसमें करीब 20 नाम हो सकते हैं।

इससे पहले आप ने विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों के नामों की 31 अक्टूबर को 40 चुनावी उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। इसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी उम्मीदवार बनाया गया था। हालांकि, प्रदेश अध्यक्ष एवं मंत्री अमन अरोड़ा और वित्त मंत्री हरपाल चीमा के नाम इसमें शामिल नहीं थे।

पहली सूची के बाद 3 विधायकों ने आप छोड़ी

पहली सूची जारी होने के बाद आप को बड़ा झटका लगा था। पार्टी के तीन विधायकों कुंवर विजय प्रताप सिंह, हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था। इससे पार्टी की चुनावी रणनीति और उम्मीदवारों के चयन को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।

पहली सूची में शैरी कलसी, कुलदीप धालीवाल, हरमीत सिंह संधू, इंदरबीर सिंह निज्जर, बलकार सिंह, ब्रह्मशंकर जिंपा, जयकिशन सिंह रोड़ी, कुलवंत सिंह और दिनेश चड्ढा जैसे नाम शामिल थे। वहीं, लुधियाना वेस्ट से जेल में बंद संजीव अरोड़ा को भी उम्मीदवार बनाया गया था। अब दूसरी सूची में नए चेहरों और मंत्रियों को जगह मिलने की संभावना है।

Created On :  

Tags

Next Story