विधानसभा चुनाव 2027: सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार पर साधा निशाना, चुनाव को बताया 95-5 की लड़ाई

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार पर साधा निशाना, चुनाव को बताया 95-5 की लड़ाई
अखिलेश यादव ने भाजपा पर भ्रष्टाचार और आर्थिक नीतियों को लेकर हमला बोला। उन्होंने 2027 के राजनीतिक समीकरण को 95-5 बताते हुए नोटबंदी को देश की अर्थव्यवस्था के लिए नुकसानदायक और भाजपा की वोटबंदी का कारण करार दिया।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अब राजनीतिक लड़ाई 80-20 या 20-80 की नहीं, बल्कि 95-5 की हो गई है। उन्होंने दावा किया कि इस नए समीकरण में भाजपा की स्थिति का पता नहीं चलेगा। अखिलेश ने कहा कि चुनावी माहौल के साथ भाजपा नेताओं की भाषा और व्यवहार में भी बदलाव देखने को मिल रहा है।

पूर्व सीएम यादव ने भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार के पास भ्रष्टाचार से जुड़ी तमाम जानकारियां होने की बात कही जाती है, लेकिन साढ़े 17 हजार करोड़ रुपये के एक ठेका-पट्टा मामले की भी चर्चा है। उन्होंने इस मामले को लेकर सरकार पर सवाल उठाए।

सपा चीफ ने नोटबंदी को लेकर भी केंद्र की भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि नोटबंदी भारतीय आर्थिक इतिहास का सबसे भ्रष्ट फैसला साबित हुई। भाजपा ने इसे लागू करते समय जो लक्ष्य बताए थे, उनमें से एक भी पूरा नहीं हुआ। अखिलेश ने आरोप लगाया कि नोटबंदी ने देश की अर्थव्यवस्था पर धीमे जहर की तरह असर डाला।

उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग, नौकरीपेशा लोग, पेशेवर, छोटे दुकानदार और व्यापारी इसके दुष्परिणाम झेलते रहे हैं। उनके मुताबिक, इन वर्गों को नोटबंदी के प्रभाव से अब तक पूरी तरह उबरने का मौका नहीं मिला है।

अखिलेश यादव ने नोटबंदी को भाजपा की राजनीतिक विफलता से जोड़ते हुए कहा कि यह फैसला भाजपा की वोटबंदी का कारण बना। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में भ्रष्टाचार, आर्थिक नीतियों और आगामी चुनाव को लेकर सियासी बहस तेज होने के आसार हैं।

Created On :  

Tags

Next Story