विधानसभा चुनाव 2027: बस्ती में भाजपा की सियासी जमीन पर सपा की चुनौती, कभी BSP का भी रहा दबदबा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तरप्रदेश में बस्ती जिले की सियासत का मिजाज हमेशा बदलता रहा है। कभी कांग्रेस और बसपा का दबदबा रहा तो कभी सपा और भाजपा ने अपनी ताकत दिखाई। यहां चुनावी लड़ाई सिर्फ दलों के बीच नहीं, बल्कि दिग्गज नेताओं के सियासी वर्चस्व की भी रही है। बस्ती की सियासी जंग में कई बार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। स्थानीय सियासत में SP, BJP और BSP की भूमिका चर्चा के केंद्र में है। ऐतिहासिक विरासत, चीनी उद्योग और बदलते सियासी समीकरणों वाला बस्ती जिला पूर्वांचल की राजनीति में अपनी अलग अनोखी पहचान रखता है।
बस्ती की अर्थव्यवस्था की रीढ़ चीनी उद्योग
बस्ती की अर्थव्यवस्था प्रमुख रूप से कृषि पर आधारित है। स्थानीय स्तर पर गन्ना उत्पादन और चीनी उद्योग रोजगार तथा कारोबार के प्रमुख साधन हैं। बस्ती, वाल्टरगंज, मुंडेरवा और रुधौली की चीनी मिलों का किसानों और स्थानीय अर्थव्यवस्था पर सीधा प्रभाव पड़ता है। नारंग परिवार की औद्योगिक विरासत भी बस्ती जिले की पहचान से जुड़ी रही है।
ऐतिहासिक पहचान और भौगोलिक महत्व
वर्ष 1801 में बस्ती तहसील मुख्यालय बना और 1865 में जिला मुख्यालय का दर्जा मिला। बस्ती जिले का क्षेत्रफल 2,688 वर्ग किलोमीटर है। उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल में स्थित बस्ती वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार यहां की आबादी 24,64,464 थी। घाघरा नदी, मखौड़ा धाम, भदेश्वरनाथ मंदिर, छावनी और महुआ डाबर इसकी प्रमुख पहचान हैं।
5 विधानसभा सीटों पर अलग-अलग दलों का असर
बस्ती में हर्रैया, कप्तानगंज, रुधौली, बस्ती सदर और महादेवा पांच विधानसभा क्षेत्र हैं। उपलब्ध चुनावी विवरण के मुताबिक बस्ती सदर और हर्रैया में BJP, कप्तानगंज और रुधौली में SP तथा महादेवा में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रत्याशी विजयी रहे।
बस्ती की राजनीति हरीश द्विवेदी, राम प्रसाद चौधरी, राजकिशोर सिंह के इर्द-गिर्द घूमती रही है। 2014 और 2019 में बीजेपी के दो बार सांसद रहे हरीश द्विवेदी 2024 में सपा के राम प्रसाद चौधरी से चुनाव हार गए, अब हरीश द्विवेदी भाजपा में राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। राम प्रसाद चौधरी कप्तानगंज से विधायक रह चुके हैं। 2024 में उन्होंने बस्ती लोकसभा सीट जीतकर SP को बड़ी सफलता दिलाई। वहीं, राजकिशोर सिंह BSP से राजनीतिक सफर शुरू कर SP और कांग्रेस में रहे। दोनों सरकारों में कैबिनेट मंत्री रहे। मई 2024 में वह BJP में शामिल हो गए।
Created On :  
