West Bengal Politics: 'रसगुल्लों से स्वागत करें या गोली चलाएं', बंगाल में एनकाउंटर पर CM सुवेंदु का दो टूक जवाब

रसगुल्लों से स्वागत करें या गोली चलाएं, बंगाल में एनकाउंटर पर CM सुवेंदु का दो टूक जवाब
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने उत्तर दिनाजपुर में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी की पुलिस मुठभेड़ में मौत को सही ठहराया है।

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने उत्तर दिनाजपुर में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी की पुलिस मुठभेड़ में मौत को सही ठहराया है। उन्होंने कहा कि पुलिस को आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करने का पूरा अधिकार है। राज्य की BJP सरकार ने दुष्कर्म, हत्या, मादक पदार्थों की तस्करी और घुसपैठ जैसे गंभीर अपराधों के मामलों में पुलिस को सख्त कार्रवाई की छूट दी है।

समाचार एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने सोमवार (9 नवंबर, 2026) को पूर्व मेदिनीपुर जिले के दीघा में मीडिया से बातचीत के दौरान यह बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिसकर्मी हर आरोपी पर गोली नहीं चलाते, लेकिन जब उनकी जान पर खतरा हो या उन पर हमला किया जाए, तो उन्हें जवाबी कार्रवाई करने का अधिकार है।

'क्या पुलिस हमलावरों का स्वागत रसगुल्लों से करेगी?'

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पुलिस की कार्रवाई का बचाव करते हुए सवाल उठाया कि क्या पुलिस हर आरोपी को गोली मार देती है? उन्होंने कहा कि जब कोई अपराधी पुलिसकर्मियों पर हमला करता है, तो उन्हें अपनी सुरक्षा के लिए जवाबी कार्रवाई करनी पड़ती है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा, 'क्या पुलिस को खुद पर हमला करने वालों का स्वागत रसगुल्लों से करना चाहिए? क्या पुलिसकर्मियों को अपनी पिस्तौल जेब में रख लेनी चाहिए?'

अधिकारी के मुताबिक, सरकार ने कुछ गंभीर अपराधों के मामलों में पुलिस को स्वतंत्र रूप से कार्रवाई करने की अनुमति दी है। ऐसे मामलों में पुलिस को अपने वरिष्ठ अधिकारियों की मंजूरी का इंतजार करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि दुष्कर्म, हत्या, नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध घुसपैठ जैसे अपराधों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

BJP सरकार बनने के बाद एनकाउंटर में मौत का चौथा मामला

मुख्यमंत्री का यह बयान पश्चिम बंगाल में BJP की सरकार बनने के बाद पुलिस मुठभेड़ों में हुई मौतों की घटनाओं के बीच आया है। उत्तर दिनाजपुर के रायगंज में हुई ताजा घटना को मई में राज्य में BJP सरकार के गठन के बाद पुलिस एनकाउंटर में मौत का चौथा मामला बताया गया है।

सुकांता मजूमदार ने भी किया सरकार का बचाव

केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने भी राज्य सरकार के सख्त रुख का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि BJP सरकार ने यौन अपराध और दुष्कर्म जैसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ऐसे अपराधों में शामिल लोगों को कानून के मुताबिक सजा मिले।

मजूमदार ने भी पुलिस की जवाबी कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि यदि कोई अपराधी पुलिस पर गोली चलाता है, तो पुलिस भी अपनी सुरक्षा के लिए जवाबी गोलीबारी करेगी। उन्होंने सवाल किया कि क्या ऐसी स्थिति में पुलिस हमलावर पर लड्डू फेंकेगी?

Created On :  

Tags

Next Story