Jammu Kashmir News: NC में बगावत, फारूक ने संभाला मोर्चा, सीएम उमर ने बागी विधायकों को लिखी चिट्ठी!

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर की सत्ताधारी नेशनल कॉन्फ्रेंस में उठे असंतोष के बीच मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की इस्तीफे की पेशकश ने सियासी समीकरण बदल दिए। करीब दो दर्जन नाराज विधायकों के सामने उमर ने पद छोड़ने की बात कही, लेकिन बागी विधायकों ने इसे ठुकरा दिया। उन्होंने साफ कर दिया कि उनकी नाराजगी मुख्यमंत्री से नहीं, बल्कि सरकार के कामकाज, मंत्रियों की कार्यशैली और संगठन में अपनी अनदेखी से है। अब फारूक अब्दुल्ला की मध्यस्थता में पार्टी ने असंतोष दूर करने का रास्ता निकालने की कोशिश की है। खबरों से मिली जानकारी के अनुसार सीएम ने बागी विधायकों को चिट्ठी भी लिखी है।
यह भी पढ़े -पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी को मिला नया प्रमुख, सर्वसम्मति से महबूबा मुफ्ती के नाम पर बनी सहमति
मंत्रियों के साथ जुड़ेंगे चार-चार विधायक
आपको बता दें 6 नवंबर को श्रीनगर में फारूक अब्दुल्ला के आवास पर करीब दो घंटे चली बैठक में हर कैबिनेट मंत्री के साथ चार विधायकों की सलाहकार समिति बनाने पर सहमति बनी। इसका उद्देश्य विधायकों की शिकायतों और सुझावों को सीधे मंत्रियों तक पहुंचाना तथा सरकारी कामकाज में उनकी भागीदारी बढ़ाना है। इसके अलावा चुनावी घोषणापत्र पर किए गए वादों की निगरानी के लिए अलग से मेनिफेस्टो कमेटी बनाने पर सहमति बनने की बात सामने आ रही है।
यह भी पढ़े -CM उमर अब्दुल्ला ने निधि राजदान संग रचाई दूसरी शादी, जानिए दोनों की उम्र में कितना है अंतर?
कैबिनेट फेरबदल की एक साल में होगी समीक्षा
आपको बता दें एनसी पार्टी के करीब दो दर्जन असंतुष्ट विधायकों ने 27 अक्टूबर को हुए मंत्रिमंडल विस्तार के बाद नाराजगी जताई थी। उनका आरोप था कि वरिष्ठ नेताओं की अनदेखी हुई और मंत्रियों के कामकाज में विधायकों को पर्याप्त महत्व नहीं मिल रहा। बागी विधायकों ने कैबिनेट की समीक्षा, मंत्रियों के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच और मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी के प्रभाव पर भी सवाल उठाए थे।
मिली जानकारी के मुताबिक फारूक अब्दुल्ला ने नाराज विधायकों की चिंताओं को जायज बताते हुए समाधान का भरोसा दिया। नेतृत्व ने एक साल के भीतर कैबिनेट में फेरबदल की मांग की समीक्षा करने की बात कही है। फिलहाल तत्काल मंत्रिमंडल बदलाव का कोई फैसला नहीं हुआ है। ऐसे में समिति गठन और आश्वासनों पर अमल से ही तय होगा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस का यह अंदरूनी संकट पूरी तरह खत्म हो पाता है या नहीं।
Created On :  

