Sonia Gandhi: कभी कांग्रेस के इस दिग्गज नेता ने रखी थी प्रधानमंत्री बनने की इच्छा, जानें सोनिया गांधी ने अपनी किताब में किसका किया जिक्र

कभी कांग्रेस के इस दिग्गज नेता ने रखी थी प्रधानमंत्री बनने की इच्छा, जानें सोनिया गांधी ने अपनी किताब में किसका किया जिक्र
कांग्रेस की दिग्गज नेता सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव में कई राजनीतिक घटनाक्रमों को लेकर खुलासे किए हैं। इस किताब में उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति और कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे प्रणब मुखर्जी के प्रधानमंत्री बनने की अधूरी इच्छा के बारे में भी बताया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस की दिग्गज नेता सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव में कई राजनीतिक घटनाक्रमों को लेकर खुलासे किए हैं। इस किताब में उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति और कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे प्रणब मुखर्जी के प्रधानमंत्री बनने की अधूरी इच्छा के बारे में भी बताया। सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में साल 2010 में हुई एक बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि प्रणब मुखर्जी ने उन्हें यह सुझाव देकर चौंका दिया था कि शायद अब टॉप लेवल पर बदलाव का समय आ गया है। सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव में ये खुलासा किया है।

सोनिया गांधी के मुताबिक, प्रधानमंत्री और उनके बीच जिम्मेदारियों का एक अनकहा बंटवारा था, जो बहुत अच्छे ढंग से काम करता था। पार्टी और सरकार के बीच शक्तियों के बंटवारे का जिक्र करते हुए सोनिया गांधी ने एक किस्सा सुनाया कि कैसे एक बार प्रणब मुखर्जी ने प्रधानमंत्री बनने की अपनी इच्छा की ओर इशारा किया था।

कोर ग्रुप में थे ये सदस्य

उन्होंने बताया कि तालमेल सुनिश्चित करने के लिए एक कोर ग्रुप प्रधानमंत्री के साथ हर हफ्ते बैठक करता था। इसके अन्य सदस्यों में प्रणब मुखर्जी शामिल थे, जो 70 के दशक में इंदिरा गांधी के मंत्रिमंडल में मंत्री रह चुके थे। इसके अलावा इसमें राजनीतिक समझ रखने वाले मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह, केरल के पूर्व मुख्यमंत्री एके एंटनी और अहमद पटेल भी शामिल थे।

पी. चिदंबरम और प्रणब में आपसी मतभेद

सोनिया गांधी ने बताया कि हम 'स्ट्रेटेजी ग्रुप' के सदस्यों के तौर पर भी नियमित रूप से मिलते थे। इस ग्रुप का गठन संसद में उठाए जाने वाले मुद्दों पर चर्चा करने के लिए किया गया था। कभी-कभी प्रणब जी जैसा कि मैं हमेशा उन्हें बुलाती थी वो बातचीत करने के लिए रुक जाते थे। उन्होंने बताया कि तत्कालीन वित्त मंत्री पी. चिदंबरम के साथ प्रणब के गंभीर मतभेद हो गए थे।

प्रधानमंत्री बनने की इच्छा

उन्होंने आगे कहा कि 2010 में एक बार अपनी निराशा जाहिर करने के बाद उन्होंने मुझे यह सुझाव देकर चौंका दिया कि शायद अब शीर्ष स्तर पर बदलाव का समय आ गया है। मैंने इसे प्रधानमंत्री बनने की उनकी लंबे समय से चली आ रही इच्छा के संकेत के रूप में समझा। सोनिया गांधी ने ये किस्सा 502 पन्नों की अपनी किताब में लिखा है।

सोनिया गांधी ने लिखा है कि मैंने बड़ी सहजता से बात का विषय बदल दिया और भले ही उन्हें निराशा हुई हो, लेकिन उन्होंने कभी ऐसा महसूस नहीं होने दिया कि वे इस बात को लेकर मुझसे नाराज हैं। उन्होंने आगे बताया कि 2012 में कांग्रेस ने मुखर्जी को राष्ट्रपति पद के लिए UPA का उम्मीदवार बनाया और फिर वो चुन लिए गए।

Created On :  

Tags

Next Story