जम्मू-कश्मीर न्यूज: पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी को मिला नया प्रमुख, सर्वसम्मति से महबूबा मुफ्ती के नाम पर बनी सहमति

डिजिटल डेस्क, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती को एक बार फिर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) का अध्यक्ष चुन लिया गया है। गुरुवार को राजधानी श्रीनगर में हुए चुनाव में उन्हें सर्वसम्मति से इस पद के लिए चुना गया। पार्टी के सभी पदाधिकारियों ने उनके नाम पर सहमति जताई। महबूबा मुफ्ती 2002 से पीडीपी के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
यह भी पढ़े -NC में टूट, सांसद रुहुल्ला का इस्तीफा, बडगाम में जुटे हजारों समर्थक, कुर्सी से बड़ा वादा के लगे नारे
PDP ने जारी किया बयान
पीडीपी की ओर से जारी बयान के मुताबिक, पार्टी के चुनाव मंडल के सदस्यों ने महबूबा मुफ्ती के नाम पर सहमति जताई है। पार्टी का कहना है कि जम्मू और श्रीनगर के सदस्यों ने उन्हें दोबारा अध्यक्ष नियुक्त किए जाने का समर्थन किया है। बैठक के दौरान सभी मौजूद सदस्यों ने एकमत होकर उनके नाम पर मुहर लगाई।
पार्टी ने बताया कि जम्मू से चुनाव मंडल के सदस्य भी इस प्रक्रिया में शामिल हुए। वे ऑनलाइन माध्यम से बैठक में जुड़े थे। उन्होंने भी महबूबा मुफ्ती के नाम का समर्थन किया। इस तरह उन्हें फिर से अध्यक्ष चुन लिया गया और पार्टी के भीतर किसी तरह का विरोध देखने को नहीं मिला।
किसने रखा प्रस्ताव?
गौरतलब है कि महबूबा मुफ्ती को दोबारा पार्टी प्रमुख बनाने का प्रस्ताव वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अब्दुल रहमान वीरी ने रखा था। पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद खुर्शीद आलम ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया। इसके बाद चुनाव मंडल के सभी सदस्यों ने महबूबा मुफ्ती के नाम पर सहमति जताई।
पीडीपी ने बताया कि यह निर्णय पार्टी के सदस्यों ने सामूहिक सहमति से लिया है। इसमें जम्मू और श्रीनगर, दोनों क्षेत्रों के नेताओं ने भाग लिया। पार्टी इसे सामूहिक फैसला बता रही है।
किसने की PDP की स्थापना?
महबूबा मुफ्ती साल 2002 से लगातार पीडीपी के अध्यक्ष पद की कमान संभाल रही हैं। वह जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री भी रह चुकी हैं। उनके पिता मुफ्ती मोहम्मद सईद ने पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की स्थापना की थी। इसके बाद महबूबा मुफ्ती ने पार्टी की कमान संभाली।
Created On :  

