मध्य प्रदेश न्यूज: हरदीप पुरी की एंट्री से MP में बदला राज्यसभा का गणित, BJP 10 पर पहुंची, कांग्रेस जाएगी हाईकोर्ट

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश से केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी निर्विरोध राज्यसभा सांसद निर्वाचित हो गए हैं। उनके निर्वाचन के साथ ही प्रदेश में राज्यसभा की 11 सीटों का राजनीतिक समीकरण बदल गया है। अब मध्यप्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों पर भाजपा का प्रतिनिधित्व होगा, जबकि एक सीट कांग्रेस के खाते में रहेगी। इससे पहले भाजपा के पास 9 और कांग्रेस के पास 2 सीटें थीं।
यह भी पढ़े -राज्यसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने निर्दलीय उम्मीदवार को दिया समर्थन, राजकुमार लोहनी ने दाखिल किया नामांकन
गंभीर आपत्तियां कराई थीं दर्ज
पुरी के नामांकन को लेकर कांग्रेस ने कई गंभीर आपत्तियां दर्ज कराई थीं। पार्टी की ओर से उनके नामांकन पत्र में 100 से अधिक कमियां होने का दावा किया गया था। कांग्रेस ने खासतौर पर उनकी पत्नी के नाम, विदेश में मौजूद संपत्तियों और बैंक खातों से जुड़ी जानकारियों पर सवाल उठाए थे। हालांकि, रिटर्निंग ऑफिसर ने कांग्रेस की ओर से दर्ज कराई गई सभी आपत्तियों को खारिज कर दिया। इसके बाद पुरी के निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया।
हरदीप सिंह पुरी के निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद भी इस मामले में राजनीतिक और कानूनी विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। कांग्रेस ने अब इस मामले को अदालत में चुनौती देने की तैयारी कर ली है।
यह भी पढ़े -भाजपा ने राज्यसभा उपचुनाव में हरदीप सिंह पुरी को घोषित किया उम्मीदवार, केंद्रीय मंत्री डॉ. एल मुरुगन के इस्तीफे से रिक्त हुई सीट
कांग्रेस ने साधा निशाना
कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही इलेक्शन पिटीशन यानी चुनाव याचिका दायर करने का प्रावधान है। पुरी को निर्वाचित घोषित किए जाने के बाद अब कांग्रेस की लीगल टीम पूरे मामले का परीक्षण करेगी।
कटारे के मुताबिक, पार्टी इस मामले में हाईकोर्ट का रुख करेगी और चुनाव याचिका दायर करेगी। ऐसे में हरदीप सिंह पुरी के निर्विरोध निर्वाचन के बाद भी यह मामला कानूनी मोर्चे पर आगे बढ़ सकता है। अब सबकी नजर कांग्रेस की अगली कानूनी कार्रवाई पर टिकी है।
Created On :  

