Rahul Gandhi Punjab Visit: 'सुबह 11 बजे ही आती थी शराब की बदबू' राहुल गांधी का CM भगवंत मान पर बड़ा हमला, अमित शाह को भी घेरा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और ड्रग्स के मुद्दे पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस नेता की बुधवार को राज्य के संगरूर में एक रैली आयोजित की गई। इस दौरान रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की आम आदमी पार्टी की सरकार युवाओं को नशे की तरफ धकेल रही है। उन्होंने सीएम पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि जब भगवंत मान सांसद थे, तब वे हमारी बैठकों में चुटकुले सुनाने का काम करते थे। साथ ही उन्होंने कहा कि सुबह के 11 बजते ही उनके मुंह से शराब की बदबू आती थी।
यह भी पढ़े -पंजाब किंग्स से खेलेंगे हार्दिक पांड्या, अर्शदीप थामेंगे मुंबई का दामन! ट्रेड डील पर आया बड़ा अपडेट
CM को लेकर क्या-क्या कहा?
राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री को लेकर कहा, "भगवंत मान का शराब पीना उनका व्यक्तिगत मामला है, लेकिन अगर पंजाब नशे से लड़ना चाहता है, तो यहां का मुख्यमंत्री हर शाम नशा नहीं कर सकता।" उन्होंने आगे AAP सरकार पर हमला करते हुए कहा, "युवाओं को नशे में झोंकने वाली AAP सरकार को माफ नहीं किया जा सकता। प्रदेश की जनता इन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता जरूर दिखाएगी।"
AAP सरकार पर नशे को लेकर लगाए आरोप
कांग्रेस नेता का कहना है, "पंजाब में सबसे बड़ा मुद्दा नशा है और आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले इसे खत्म करने का वादा किया था। पंजाब ने भगवंत मान और आम आदमी पार्टी पर भरोसा किया। उनका वादा राज्य को नशामुक्त करने का था। मैं पूछना चाहता हूं कि पंजाब के किस कोने से नशा खत्म हुआ है? ये नशा नहीं हटा सकते हैं। पंजाब को ऐसे मुख्यमंत्री की जरूरत है, जो राज्य के लिए संघर्ष करे और जिसकी पार्टी में पंजाब का दर्द समझने वाले लोग हों।"
यह भी पढ़े -इंदौर में बम धमाकों की धमकी से हड़कंप! महापौर पुष्यमित्र भार्गव का दफ्तर उड़ाने की चेतावनी, दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट भी निशाने पर
मूसेवाला की हत्या पर दी प्रतिक्रिया
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या को लेकर कहा कि उनके साथ जो हुआ था, वह मौजूदा समय में पंजाब का 'फैशन' बन गया है। उन्होंने आगे आरोप लगाते हुए कहा कि जिस सोच ने मूसेवाला पर गोली चलाई थी, वही आज पूरे प्रदेश में फैल गई है। साथ ही दावा किया कि जो भी पंजाब के लिए काम करने की सोचता है, उसे डराने और धमकाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को सरेआम गोली मार दी जाती है।
अमित शाह को घेरा
राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने तीन साल के अंदर पंजाब से नशा खत्म करने का वादा किया था, लेकिन केंद्र की सरकार तो अब एक साल में ही खत्म हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि अमित शाह कानून-व्यवस्था की तो बात करते हैं, लेकिन उनके राज में गैंगस्टर पाले हुए हैं। यह बात पूरा देश जानता है। साथ ही उन्होंने कहा कि जब केंद्रीय मंत्री कानून-व्यवस्था की बात करते हैं, तो ऐसे में उन्हें मणिपुर का जिक्र भी करना चाहिए।
Created On :  

