मध्य प्रदेश न्यूज: भाजपा की पदयात्रा के चलते भोपाल के 3 स्कूलों में छुट्टी, कांग्रेस ने सरकार को घेरा

डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी भोपाल में कल भारतीय जनता पार्टी की ओर से ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली जाएगी। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रमुख रूप से शामिल होंगे। पदयात्रा को देखते हुए शहर के तीन स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। वहीं, इस फैसले को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल उठाया है कि राजनीतिक रैली का खामियाजा स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों को क्यों भुगतना पड़ रहा है?
टीटी नगर से शुरू होगी पदयात्रा
जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा की मौजूदगी में सुबह 10 बजे टीटी नगर स्थित अटल पथ पर सभा आयोजित होगी। इसके बाद पदयात्रा न्यू मार्केट होते हुए रोशनपुरा चौराहे तक निकाली जाएगी। इस कार्यक्रम में भोपाल और नर्मदापुरम संभाग से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और लोगों के पहुंचने की संभावना है।
जीतू पटवारी ने उठाए सवाल
भाजपा की पदयात्रा और इसके चलते स्कूलों में छुट्टी व समय परिवर्तन के फैसले पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आपत्ति जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि भाजपा की पदयात्रा में भीड़ जुटाई जा रही है, जिसके चलते प्रशासन ने स्कूलों को छुट्टी करने या समय बदलने के निर्देश जारी किए हैं।
पदयात्रा को लेकर शहर में तैयारियां
भाजपा की इस पदयात्रा में केंद्रीय और प्रदेश स्तर के बड़े नेताओं की मौजूदगी को देखते हुए तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। ऐसे में शहरवासियों को यातायात और आवागमन से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, स्कूलों में अवकाश को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है।
Created On :  
