विपक्ष के विरोध में सत्तापक्ष: लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' मार्च से BJP का विपक्ष पर हमला, कहा असहमति के नाम पर अराजकता बर्दाश्त नहीं

लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ मार्च से BJP का विपक्ष पर हमला, कहा असहमति के नाम पर अराजकता बर्दाश्त नहीं
NDA नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति जताने का अधिकार सभी को है, लेकिन इसकी आड़ में आम लोगों को परेशान करना उचित नहीं। केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने विपक्ष पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया.

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने विपक्ष के विरोध प्रदर्शनों के खिलाफ 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' मार्च के जरिए मोर्चा खोल दिया है। इस दौरान भाजपा नेताओं ने INDIA गठबंधन पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को बाधित करने और विरोध के नाम पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। पार्टी नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति जताने का अधिकार सभी को है, लेकिन इसकी आड़ में आम लोगों को परेशान करना उचित नहीं है।

केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष देश में हंगामा खड़ा करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एक ओर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को खराब बताते हैं, वहीं केरलम में उसी प्रक्रिया को सही मानते हैं। मजूमदार ने विपक्ष पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता ऐसे नेताओं पर भरोसा नहीं करेगी।

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि विपक्ष एकजुट होकर अराजकता फैलाने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने और असहमति जताने का अधिकार है, लेकिन इसकी आड़ में अराजकता फैलाने की अनुमति किसी को नहीं दी जा सकती। उन्होंने बताया कि भाजपा इसी मुद्दे पर पदयात्रा निकाल रही है।

वहीं, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने INDIA गठबंधन पर संसद की जगह सड़कों पर विरोध प्रदर्शन कर आम जनता को परेशान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा पदयात्रा के जरिए ऐसे लोगों को जनता के सामने उजागर करेगी। पाठक के मुताबिक, प्रदेश के छह क्षेत्रों में दो दिन तक लगातार यह पदयात्रा निकाली जाएगी और पार्टी कार्यकर्ता लोगों तक अपना संदेश पहुंचाएंगे।

Created On :  

Tags

Next Story