MP News: दिल्ली पुलिस के प्रदर्शन पर CJP का तंज, पूछा - 'पुलिस मुख्यालय के बाहर क्यों जुटे, जनता को परेशानी नहीं हो रही?'

दिल्ली पुलिस के प्रदर्शन पर CJP का तंज, पूछा - पुलिस मुख्यालय के बाहर क्यों जुटे, जनता को परेशानी नहीं हो रही?
दिल्ली में पुलिस मुख्यालय के बाहर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी और उनकी मांगों को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने दिल्ली पुलिस पर सवाल उठाए हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में पुलिस मुख्यालय के बाहर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी और उनकी मांगों को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने दिल्ली पुलिस पर सवाल उठाए हैं। संगठन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा कर पूछा कि पुलिसकर्मी निर्धारित प्रदर्शन स्थल पर जाने के बजाय मुख्यालय के बाहर क्यों जुटे हैं? क्या उनके इस कदम से आम लोगों और कारोबारियों को परेशानी नहीं हो रही है?

CJP ने अपनी पोस्ट में दिल्ली पुलिस के रवैये पर तंज कसते हुए सवाल किया कि जब प्रदर्शन के लिए अलग जगह तय है, तो पुलिसकर्मी पुलिस मुख्यालय के बाहर क्यों मौजूद हैं। संगठन ने यह भी पूछा कि इस तरह की गतिविधियों से आम जनता और व्यापारिक कामकाज प्रभावित नहीं हो रहे हैं?

CJP ने शेयर किया ACP मनस्वी वशिष्ठ का वीडियो

कॉकरोच जनता पार्टी ने अपनी पोस्ट के साथ दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी का एक वीडियो भी साझा किया है। इसमें असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) मनस्वी वशिष्ठ मीडिया से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। न्यूज एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, एसीपी मनस्वी वशिष्ठ समेत दिल्ली पुलिस के कई अधिकारी पुलिस मुख्यालय के बाहर मौजूद थे।

मीडिया से चर्चा के दौरान एसीपी वशिष्ठ ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने अपनी मांगें पुलिस कमिश्नर के सामने रख दी हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की ओर से संपर्क सभा के लिए समय दिया गया था, लेकिन जिस तरह से सभी पुलिसकर्मियों को अपनी बात रखने का अवसर मिलने की उम्मीद थी, वैसा नहीं हो सका। इसके बावजूद उन्होंने अपनी मांगें वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा दी हैं।

'मांगों पर चर्चा हो रही है, कुछ फैसले आज ही होने हैं'

एसीपी मनस्वी वशिष्ठ ने बताया कि उनकी मांगों पर वरिष्ठ अधिकारी विचार कर रहे हैं। इनमें से कुछ ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर उसी दिन निर्णय लिया जाना जरूरी है, जबकि कुछ मांगों को पूरा करने में समय लग सकता है।

जब उनसे दोबारा प्रदर्शन करने की संभावना को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि फिलहाल वे वहीं मौजूद रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिसकर्मी वहां प्रदर्शन करने नहीं, बल्कि संपर्क सभा के लिए आए थे। सभा के दौरान उन्होंने अपनी समस्याएं और मांगें अधिकारियों के सामने रखीं।

पुलिसकर्मियों की कुल पांच मांगें

मांगों पर फैसला होने में कितना समय लगेगा, इस सवाल पर एसीपी वशिष्ठ ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी सभी बिंदुओं पर विचार कर रहे हैं। उन्हें इन पर चर्चा और निर्णय लेने के लिए कुछ समय देना होगा।

उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों की कुल पांच मांगें हैं। हालांकि, इन मांगों का सार्वजनिक रूप से खुलासा नहीं किया जाएगा, क्योंकि फिलहाल इन पर वरिष्ठ अधिकारियों को निर्णय लेना है। एसीपी के मुताबिक, कुछ मांगों पर उसी दिन कार्रवाई होने की उम्मीद है, जबकि बाकी मुद्दों के समाधान में थोड़ा समय लग सकता है।

Created On :  

Tags

Next Story