Punjab News: पूर्व मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा पर ED का शिकंजा, एक साथ 16 जगहों पर छापेमारी, क्या है पूरा मामला?

पूर्व मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा पर ED का शिकंजा, एक साथ 16 जगहों पर छापेमारी, क्या है पूरा मामला?
पंजाब में ED ने पूर्व मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा से जुड़े 16 ठिकानों पर छापेमारी की है। मामला पांच करोड़ रुपये की रिश्वत और जमीन के सौदे से जुड़ा है।

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। पंजाब में सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ा एक्शन लिया है। जांच एजेंसी की टीम ने कांग्रेस नेता और पंजाब के पूर्व मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा से जुड़े 16 ठिकानों पर छापा मारा है। यह कार्रवाई मोहाली, चंडीगढ़, होशियारपुर, जालंधर और लुधियाना समेत कई जगहों पर चल रही है। अधिकारियों ने पूर्व मंत्री के घर की भी तलाशी ली है। बताया जा रहा है कि उनके कुछ करीबियों के यहां भी जांच की जा रही है। यह पूरा मामला जमीन के सौदे और रिश्वत लेने के आरोपों से जुड़ा है। आइए जानते हैं कि आखिर यह मामला क्या है और ED ने अब तक क्या-क्या जांच की है।

पांच करोड़ रुपये की रिश्वत लेने का आरोप

बताया जा रहा है कि सुंदर शाम अरोड़ा पर आरोप है कि उन्होंने मोहाली में 25 एकड़ जमीन के सौदे और उसके लिए जरूरी NOC (No Objection Certificate) दिलाने के बदले पांच करोड़ रुपये की रिश्वत ली थी। जांच में सामने आया कि गुलमोहर टाउनशिप ने जमीन का समझौता होने से पहले ही 27.5 करोड़ रुपये दे दिए थे। इस जमीन के लिए NOC 17 नवंबर 2020 को जारी हुआ था। जांच एजेंसी को यह भी पता चला कि सुंदर शाम अरोड़ा के बेटे प्रतीक अरोड़ा की एक रियल एस्टेट कंपनी में 35 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

रिश्वत के पैसे से प्रोजेक्ट में निवेश का शक

जानकारी के मुताबिक, जांच में यह आरोप भी सामने आया है कि रिश्वत से मिले पैसों को मार्बेला ग्रैंड प्रोजेक्ट में लगाया गया था। इसके अलावा जमीन खरीदने से जुड़े पैसों के लेनदेन की भी जांच हो रही है। इस मामले में संजीव जुनेजा के करोड़ों रुपये ट्रांसफर होने की बात भी सामने आई है। ED अब इन पैसों के लेनदेन और इससे जुड़ी संपत्तियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

पहले भी 50 लाख रुपये लेते हुए हुए थे गिरफ्तार

आपको बता दें कि, सुंदर शाम अरोड़ा को 15 अक्टूबर 2022 को पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने गिरफ्तार किया था। उन पर 50 लाख रुपये की रिश्वत लेने का आरोप था। बताया गया था कि उन्होंने अपने खिलाफ चल रही जांच बंद कराने के लिए एक करोड़ रुपये देने की बात कही थी। उस समय की जांच में 30 एकड़ जमीन, एक अस्पताल में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी और महंगी गाड़ियों से जुड़े मामले भी सामने आए थे। अब ED इन सभी से जुड़े पैसों और संपत्तियों की जानकारी जुटा रही है।

Created On :  

Tags

Next Story