Bihar News: PM मोदी और उनकी मां के AI वीडियो पर दिल्ली पुलिस का एक्शन, बिहार कांग्रेस दफ्तर पर चिपकाया नोटिस

PM मोदी और उनकी मां के AI वीडियो पर दिल्ली पुलिस का एक्शन, बिहार कांग्रेस दफ्तर पर चिपकाया नोटिस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां से जुड़े एक AI वीडियो के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। दिल्ली पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल ने इस केस में एक नोटिस जारी किया है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां से जुड़े एक AI वीडियो के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। दिल्ली पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल ने इस केस में एक नोटिस जारी किया है। पीएम मोदी और उनकी मां से जुड़ा वीडियो कांग्रेस पार्टी के बिहार के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल @INCBihar से जारी किया गया था।

कांग्रेस कार्यालय के बाहर चिपकाया नोटिस

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम राजधानी पटना पहुंची। इसके बाद बिहार कांग्रेस मुख्यालय 'सदाकत आश्रम' के बाहर नोटिस चस्पा किया। साथ ही पुलिस इस मामले से जुड़े मोबाइल नंबर की भी जांच कर रही है। यह बिहार कांग्रेस से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।

नोटिस के मुताबिक, इसमें खासतौर पर अमित कुमार को तलब किया गया है। जांच के सिलसिले में उन्हें 5 नवंबर, 2026 को सुबह 11 बजे नई दिल्ली के भरत नगर, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित काउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल के दफ्तर में हाजिर होने के निर्देश दिए गए हैं।

जरूरी दस्तावेजों के साथ बुलाया

दिल्ली पुलिस के नोटिस में बताया गया है कि अमित कुमार मंडल को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। इसके साथ ही उन्हें कुछ जरूरी दस्तावेज और चीजें भी लाने के लिए कहा गया है। इनमें संबंधित मोबाइल नंबर का सिम कार्ड और 1 जुलाई, 2025 से अब तक इस्तेमाल किए गए वे सभी मोबाइल हैंडसेट शामिल हैं, जिनमें इस नंबर का इस्तेमाल किया गया है।

इसके अलावा @INCBihar एक्स हैंडल का आधिकारिक इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति का नाम और 1 जुलाई, 2025 से 31 दिसंबर, 2025 तक इस एक्स अकाउंट को इस्तेमाल करने वाले अधिकृत लोगों की सूची भी मांगी गई है।

Created On :  

Tags

Next Story