इंडिया ब्लॉक की महारैली पर कपिल सिब्बल का बड़ा दावा: 'BJP सरकार के अंत की शुरुआत', ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे पर अड़े हिमाचल CM

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया ब्लॉक की रविवार को महारैली का आयोजन हुआ। इस पर कांग्रेस के राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल की प्रतिक्रिया सामने आई है। उनके अलावा हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी टिप्पणी की है। इस दौरान दोनों नेताओं ने एसआईआर और सीईसी ज्ञानेश कुमार के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरने का काम किया है।
कपिल सिब्बल ने क्या दी प्रतिक्रिया?
कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने इसको केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाली सरकार के 'अंत की शुरुआत' बताया। उनका कहना है, "हम 2016 के बाद के उनके भ्रष्टाचार का इतिहास बताएंगे। सरकार ने ही अराजकता पैदा की है। अगर उन्होंने संविधान के अनुसार काम किया होता, तो यह नौबत नहीं आती।" उन्होंने यह भी कहा है कि सीईसी ज्ञानेश कुमार को सिर्फ एक 'प्यादा' बनाकर रखा गया है।
हिमाचल CM ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है। साथ ही कहा, "ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा दे देना चाहिए।"
यह भी पढ़े -खरगे ने मॉक पार्लियामेंट में ज्ञानेश कुमार को हटाने का प्रस्ताव रखा, वोट चोरी समेत लगाए 6 बड़े आरोप, BJP ने नेहरू पर साधा निशाना
इनके अलावा कांग्रेस सांसद सैयद नसीर हुसैन का कहना है कि रैली में आई भीड़ से यह दिखाई देता है कि इसमें पूरे देश के लोग शामिल होने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा, "यहां आप जो लोगों की भारी भीड़ देख रहे हैं, वे पूरे देश से आए हैं। भारत के हर शहर में इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।"
इंडिया ब्लॉक की रैली में पहुंचे कई बड़े नेता
इंडिया ब्लॉक की इस रैली की शुरुआत रविवार को मिंटो रोड-कनॉट प्लेस जंक्शन से हुई, जो दिल्ली के रामलीला मैदान की तरफ निकली। इसमें विपक्ष के कई बड़े नेता शामिल हुए थे। यह पूरा मार्च कांग्रेस के नेतृत्व में हुआ था। जिसमें लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, TMC नेता ममता बनर्जी और सांसद अभिषेक बनर्जी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, RJD नेता तेजस्वी यादव, JKNC अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला, CPI नेता डी. राजा, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती और समाजवादी पार्टी चीफ अखिलेश यादव भी शामिल हुए थे।
Created On :  


