INDIA B loc Mega Rally: 'नुकसान आपका, रैली हमारी', कांग्रेस की महारैली पर BJP का पोस्टर वार, सुधांशु त्रिवेदी ने विश्व बैंक की रिपोर्ट का किया जिक्र

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस के नेतृत्व में कल, 1 नवंबर को महारैली होने वाली है। इसको लेकर बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर व्यंग्यात्मक पोस्ट शेयर कर तंज कसा है। इसमें कांग्रेस को कारोबारियों के खिलाफ बताया गया है। साथ ही कहा गया है कि यही कांग्रेस का सच है। इसके अलावा भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने भी महारैली पर निशाना साधा है।
BJP का पोस्ट
बीजेपी ने इस पोस्ट में लिखा, "दुकानदार जी। विषय: 1 नवंबर को आपका बाजार बंद।" आगे लिखा है कि दिवाली के पहले रविवार को आपकी दुकान बंद रहेगी। नुकसान आपका, रैली हमारी। आपकी कांग्रेस।
'भारत में अराजकता'
सुधांशु त्रिवेदी ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा, "भारत में अराजकता उत्पन्न करने के अपने मंसूबों में नाकाम रहने के बाद, अपने बिगड़े दिल शहजादे को सुकून देने के लिए कांग्रेस पार्टी ने एक प्रहसन का आयोजन किया है, यानी मॉक पार्लियामेंट का आयोजन किया है। मगर एक जोरदार हकीकत विश्व बैंक की ओर से देश के सामने आई है।"
यह भी पढ़े -बनासकांठा में PM मोदी का विपक्ष पर हमला, किसानों को लेकर कही बड़ी बात, MSP और कृषि बजट का भी जिक्र
देश की गरीबी पर क्या कहा?
बीजेपी प्रवक्ता ने विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि साल 2025 की रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत ने 2011 से 2023 तक गरीबी उन्मूलन में सफलता हासिल की है। उन्होंने आगे बताया कि इस दौरान भारत की 27 फीसदी से ज्यादा आबादी अत्यंत गरीबी की श्रेणी में आती थी, लेकिन अब यह आंकड़ा घटकर सिर्फ 2.6 प्रतिशत पर आ गया है।
उनका आगे कहना है, "रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि लगभग 13-14 वर्ष पहले भारत की 57 प्रतिशत आबादी की प्रतिदिन की आय 4.2 डॉलर से कम थी। आज यह आंकड़ा घटकर केवल 16 प्रतिशत रह गया है, जिनकी प्रतिदिन की आय भारतीय मुद्रा में लगभग 400 रुपये से कम है। यानी, आज 84 प्रतिशत लोगों की प्रतिदिन की आय 400 रुपये से अधिक है।"
'विश्व बैंक की रिपोर्ट ने भी की स्वीकार'
सुधांशु त्रिवेदी का कहना है, "हकीकत यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की सरकार भारत के हर व्यक्ति का जीवन स्तर उठाने के लिए न केवल प्रतिबद्ध है, बल्कि इस दिशा में सफलता भी हासिल कर रही है। गरीबी उन्मूलन के क्षेत्र में हमने बहुत बड़ी उपलब्धि हासिल की है और विश्व बैंक की रिपोर्ट ने भी इसे स्वीकार किया है।"
Created On :  


