CEC Controversy: INDIA गठबंधन की रैली पर एनडीए नेताओं का हमला, गिरिराज बोले- जनता ने चोरों को वोट देना बंद किया

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाली INDIA गठबंधन की रैली को लेकर बीजेपी अगुवाई वाली एनडीए सरकार के नेताओं ने विपक्ष पर निशाना साधा है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और चिराग पासवान ने रैली और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के खिलाफ विपक्ष के विरोध-प्रदर्शन पर सवाल उठाए हैं।
यह भी पढ़े -ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन, खड़गे के घर जुटेंगे विपक्षी नेता, आज प्रतीकात्मक महाभियोग, कल महारैली
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने रामलीला मैदान में 10 लाख लोगों की रैली होने की बात कही है। उन्होंने आशंका जताई कि इस दौरान संसद या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास तक पहुंचने जैसी अराजक स्थिति पैदा हो सकती है। गिरिराज ने कहा, "चुनाव में वोटों की चोरी नहीं हो रही है, असलियत में जनता ने चोरों को वोट देना बंद कर दिया है।
मेघवाल ने तारीख पर उठाए सवाल
वहीं, केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने INDIA गठबंधन के विरोध-प्रदर्शन की तारीख पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर 1984 के सिख विरोधी हिंसा के कारण दिल्ली के इतिहास में संवेदनशील दिन के रूप में याद किया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने प्रदर्शन के लिए इसी तारीख को चुना, जबकि सिख प्रतिनिधियों ने भी उनसे आंदोलन की तारीख आगे-पीछे करने का आग्रह किया था। मेघवाल ने कहा कि राहुल गांधी के मन में इस तारीख को लेकर कोई संवेदना नहीं है।
यह भी पढ़े -राहुल गांधी की रैली पर व्यापारियों ने उठाए सवाल, DDTA बोला- त्योहारों के सीजन में कारोबार को न हो नुकसान
चिराग पासवान ने भी विपक्ष को घेरा
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि विपक्ष अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए भारत जैसे बड़े लोकतंत्र में अराजकता का माहौल नहीं बना सकता। उन्होंने कांग्रेस और उसके नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि वे भारत की तुलना बांग्लादेश के हालात से करते हैं।
चिराग ने यूरोप के कुछ देशों में जारी अशांति, नेपाल में सत्ता परिवर्तन, बांग्लादेश के हालात और पाकिस्तान में सेना के हस्तक्षेप का जिक्र किया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या विपक्ष दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत में भी ऐसी परिस्थितियां पैदा करना चाहता है?
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व विरोध-प्रदर्शनों की आड़ में विदेशी ताकतों की सोच को बढ़ावा देते हैं और विपक्ष के नेता अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के लिए उनका साथ देते हैं। चिराग ने कहा कि भारत जैसे लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका ऐसी नहीं होनी चाहिए।
Created On :  

