Rahul Gandhi News: राहुल गांधी की रैली पर व्यापारियों ने उठाए सवाल, DDTA बोला- त्योहारों के सीजन में कारोबार को न हो नुकसान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली कांग्रेस की प्रस्तावित रैली को लेकर अब व्यापारिक संगठनों ने भी चिंता जताई है। दिल्ली ड्रग ट्रेडर्स एसोसिएशन (DDTA) ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से रैली स्थगित करने की अपील की है। एसोसिएशन का कहना है कि दिल्ली में लगातार हो रहे प्रदर्शनों और रैलियों से कारोबार, यातायात और आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।
DDTA के सचिव आशीष ग्रोवर ने इस संबंध में राहुल गांधी को पत्र लिखा है। उन्होंने यह अपील मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम स्थगित होने के बाद की है। पत्र में कहा गया है कि जिस तरह कुछ परिस्थितियों के चलते मॉक पार्लियामेंट का कार्यक्रम टाला गया, उसी तरह 1 नवंबर को प्रस्तावित कांग्रेस की रैली को भी स्थगित करने पर विचार किया जाना चाहिए।
यह भी पढ़े -दिल्ली की रैली को लेकर सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस पर बोला तीखा हमला, कहा- दिल्ली में मौजूद हैं दिमागी नक्सल
संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान की दी दलील
आशीष ग्रोवर ने अपने पत्र में लोकतंत्र में संसद, न्यायपालिका और दूसरी संवैधानिक संस्थाओं के महत्व का जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि इन संस्थाओं की गरिमा और सम्मान बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
पत्र में यह भी कहा गया है कि जब कोई मामला पहले से सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है और संबंधित पक्ष अपना जवाब व हलफनामा दाखिल कर चुके हैं, तो ऐसे में राजनीतिक टकराव या शक्ति प्रदर्शन के बजाय न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा करना उचित होगा।
रैलियों से कारोबार और यातायात प्रभावित होने की चिंता
DDTA ने दिल्ली में लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शनों और रैलियों से व्यापारिक गतिविधियों पर पड़ रहे असर को लेकर भी चिंता जताई है। एसोसिएशन के मुताबिक, इन आयोजनों के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
पत्र में कहा गया है कि व्यापारियों, दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी लगाने वालों, छोटे कारोबारियों और दिहाड़ी मजदूरों को पहले ही आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। ऐसे में त्योहारों और शादियों के सीजन में कारोबार प्रभावित होने से उनकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं। एसोसिएशन का मानना है कि राजनीतिक कार्यक्रमों के कारण शहर की अर्थव्यवस्था और लोगों की आजीविका पर असर नहीं पड़ना चाहिए।
यह भी पढ़े -इजराइल में सत्ता की जंग तेज, नेतन्याहू ने उठाए चुनाव पर सवाल, अरब पार्टियों पर लगाए गंभीर आरोप
शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार, लेकिन आम लोगों को न हो परेशानी
DDTA ने अपने पत्र में माना कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करना और अपनी बात रखना लोकतंत्र में हर नागरिक का अधिकार है। हालांकि, संगठन ने यह भी कहा कि राजनीतिक कार्यक्रमों के चलते आम जनता को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
आशीष ग्रोवर ने राहुल गांधी से मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम स्थगित किए जाने की तरह ही जिम्मेदारी दिखाने और 1 नवंबर की रैली टालने का आग्रह किया है। पत्र के अंत में उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन से ज्यादा जरूरी लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना है। उन्होंने राहुल गांधी से दिल्ली के लाखों नागरिकों, व्यापारियों और कामगारों के हितों को ध्यान में रखते हुए रैली स्थगित करने की घोषणा करने की अपील की है।
Created On :  

