विधानसभा चुनाव 2027: पंजाब चुनाव से पहले कांग्रेस की बड़ी बैठक, राहुल गांधी ने नेताओं के साथ बनाया चुनावी रोडमैप

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में 31 अक्टूबर 2026 को पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की अहम बैठक हुई। आम आदमी पार्टी (AAP) की ओर से 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने के बाद कांग्रेस ने भी विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। बैठक में आगामी चुनाव की रणनीति, संगठन की स्थिति और राज्य के मौजूदा राजनीतिक हालात की समीक्षा की गई। इसमें राहुल गांधी की मौजूदगी को पंजाब में कांग्रेस की चुनावी तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
यह भी पढ़े -ना BJP, ना कांग्रेस, AAP ने मारी बाजी! कल जारी करेगी पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली लिस्ट
बैठक में 4 नवंबर को संगरूर में होने वाली राहुल गांधी की रैली की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। इस रैली के जरिए कांग्रेस पंजाब में अपने चुनावी अभियान की शुरुआत करने की तैयारी में है। पार्टी ने रैली में करीब एक लाख कार्यकर्ताओं और समर्थकों को जुटाने का लक्ष्य रखा है। इसकी जिम्मेदारी विजय इंदर सिंगला को सौंपी गई है।
इसके अलावा कांग्रेस अगले 15 दिनों में चुनावी घोषणा पत्र तैयार करने की योजना बना रही है। इसके लिए घोषणा पत्र कमेटी प्रदेश के प्रमुख शहरों में विभिन्न वर्गों से सुझाव जुटा चुकी है। बैठक में इन सुझावों और घोषणा पत्र की तैयारियों पर भी चर्चा हुई।
पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने बैठक में राज्य के राजनीतिक हालात, संगठन की स्थिति और चुनावी तैयारियों की जानकारी पार्टी आलाकमान को दी। बैठक में 2027 की शुरुआत में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव की रणनीति और आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने की। इसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल और पंजाब कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इनमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह, नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, विजय इंदर सिंगला और डॉ. राजकुमार प्रमुख रूप से मौजूद रहे। बैठक के दौरान चन्नी और राजा वड़िंग एक-दूसरे के सामने बैठे नजर आए।
Created On :  

