INDIA Alliance Rally: राहुल गांधी की रैली से 4 दलों ने बनाई दूरी, इंडिया गठबंधन के मार्च से AAP-DMK समेत कई पार्टियां रहेंगी नदारद

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाली INDIA गठबंधन की रैली से पहले विपक्षी एकजुटता पर सवाल खड़े होने लगे हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रैली की तैयारियों और आयोजन को लेकर घोषणा की है, लेकिन विपक्ष के चार प्रमुख राजनीतिक दलों ने इससे दूरी बना ली है। इनमें आम आदमी पार्टी (AAP), द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK), बीजू जनता दल (BJD) और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) शामिल हैं। वहीं, तमिलनाडु की पार्टी तमिलगा वेट्टी कड़गम (TVK) की भागीदारी को लेकर असमंजस बना हुआ है।
यह भी पढ़े -AAP ने जारी की 40 उम्मीदवारों की पहली सूची, धूरी सीट से फिर लड़ेंगे CM मान, हरपाल चीमा का नाम नहीं
निजी न्यूज चैनल ABP की रिपोर्ट के मुताबिक, आम आदमी पार्टी ने रैली में शामिल नहीं होने का निर्णय किया है। आप का कहना है कि वह INDIA गठबंधन का हिस्सा नहीं है। दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद बदले राजनीतिक समीकरणों के बीच आप ने गठबंधन की गतिविधियों से दूरी बना ली है। ऐसे में दिल्ली में होने वाली विपक्ष की रैली में उसकी गैरमौजूदगी को अहम माना जा रहा है।
इसके अलावा तमिलनाडु की द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK), ओडिशा की बीजू जनता दल (BJD) और असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने भी रैली से किनारा कर लिया है। चार प्रमुख दलों का यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब विपक्षी पार्टियां केंद्र सरकार और बीजेपी के खिलाफ साझा राजनीतिक मोर्चा मजबूत करने की कोशिश कर रही हैं।
यह भी पढ़े -बीजेपी का देंगे साथ!, शिअद प्रमुख सुखबीर सिंह बादल का गठबंधन को लेकर बड़ा बयान, आप-कांग्रेस से बनाई दूरी
वहीं, तमिलनाडु की सत्तारूढ़ टीवीके ने अभी तक रैली में शामिल होने को लेकर अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है। पार्टी की भागीदारी पर सस्पेंस बरकरार है। ऐसे में 1 नवंबर को होने वाली इस रैली पर सभी की नजरें रहेंगी। यह देखना अहम होगा कि कांग्रेस की अगुवाई में कितने विपक्षी दल एक मंच पर जुटते हैं और चार प्रमुख दलों की गैरमौजूदगी के बीच विपक्षी एकजुटता की तस्वीर कैसी रहती है।
Created On :  

