सीधी न्यूज: चुरहट की जनता को अंधेरे में न रखे सरकार, अघोषित बिजली कटौती तुरंत बंद हो- अजय सिंह

चुरहट की जनता को अंधेरे में न रखे सरकार, अघोषित बिजली कटौती तुरंत बंद हो- अजय सिंह
चुरहट की जनता को इस तरह अंधेरे में रखना बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

डिजिटल डेस्क सीधी पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने चुरहट विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे इलाके में जारी भारी अघोषित बिजली कटौती को तत्काल रोकने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस समय पूरे चुरहट क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती चरम पर है। लोड शेडिंग के नाम पर कई-कई घंटों तक बिजली काटी जा रही है, जिससे जनता का जीना दूभर हो गया है। बिजली कोई विलासिता नहीं बल्कि एक बुनियादी जरूरत है, इसलिए चुरहट की जनता को इस तरह अंधेरे में रखना बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अजय सिंह ने कहा कि बिजली की इस आंख-मिचौली से समाज का हर वर्ग बुरी तरह प्रभावित है। अघोषित कटौती के कारण बच्चों की पढ़ाई और उनके भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है। खेतों में सिंचाई के लिए बिजली न मिलने से किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं। बिजली के अभाव में छोटे व्यापारियों और दुकानदारों का काम-धंधा पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। इसके साथ ही घरों का रोजमर्रा का काम भी पूरी तरह अस्त-व्यस्त है। इस भीषण गर्मी और उमस भरे मौसम में घर के बुजुर्ग और छोटे बच्चे सबसे ज्यादा परेशान हो रहे हैं।

पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने विद्युत मंडल और स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि चुरहट, रामपुर नैकिन और इसके आसपास के सभी ग्रामीण क्षेत्रों में की जा रही अघोषित कटौती को तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि बिजली काटना तकनीकी रूप से बहुत जरूरी है, तो विभाग को बिजली कटौती की एक निश्चित समय-सारणी जारी करनी चाहिए ताकि लोग अपनी दिनचर्या उसके अनुसार तय कर सकें। इसके साथ ही क्षेत्र में जहां भी ट्रांसफार्मर खराब पड़े हैं या लाइनों में फॉल्ट है, उन्हें युद्ध स्तर पर तुरंत सुधारा जाए।


Created On :  

Tags

Next Story