Sidhi news: 30 अक्टूबर को सीधी में होगा जिला स्तरीय युवा उत्सव

30 अक्टूबर को सीधी में होगा जिला स्तरीय युवा उत्सव
पांच विधाओं में मिलेगा प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर

डिजिटल न्यूज़ सीधी

युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 30 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम कन्या महाविद्यालय सीधी के देवी अहिल्याबाई सभागार में सुबह 10 बजे से आयोजित होगा।

स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले राष्ट्रीय युवा उत्सव के तहत जिले में होने वाली इस प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिता में समूह लोकनृत्य, समूह लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन और पेंटिंग सहित पांच विधाएं रखी गई हैं। प्रत्येक प्रतिभागी को किसी एक विधा में ही भाग लेने का अवसर मिलेगा। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को आगे के स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सकता है।

पंजीयन अनिवार्य: प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए युवाओं को My Bharat Portal पर पंजीयन कराना होगा। पंजीयन के बिना प्रतिभागिता की अनुमति नहीं मिलेगी। आवेदन के साथ फोटो, आधार कार्ड, जन्म प्रमाणपत्र अथवा दसवीं की अंकसूची और बैंक पासबुक की छायाप्रति जमा करना अनिवार्य है। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि पिछले वर्ष युवा उत्सव की सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग ले चुके युवा इस वर्ष प्रतियोगिता में शामिल होने के पात्र नहीं होंगे।

Created On :  

Tags

Next Story