Sidhi news: भंवरसेन पहाड़ पर मां काली की प्रतिमा के प्रकट होने की खबर से उमड़ रही भक्तों की भीड़

डिजिटल न्यूज़ सीधी
जिले के चुरहट विधानसभा क्षेत्र के चंदरेह स्थित भंवरसेन पहाड़ पर मां काली की प्रतिमा के प्रकट होने की खबर और तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद यह स्थल इन दिनों आस्था का केंद्र बन गया है। मां काली के दर्शन के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के चलते यहां मेले जैसा माहौल बन गया है, लेकिन सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के अभाव में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नवरात्रि के दौरान मां काली की प्रतिमा के दर्शन के बाद सोशल मीडिया पर प्राकट्य स्थल की तस्वीरें प्रसारित हुईं, जिसके बाद श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। दूर-दराज के क्षेत्रों से भी लोग दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इसके बावजूद जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से अब तक सुरक्षा व्यवस्था तथा आवागमन सुगम बनाने के लिए पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं। वाहनों की लंबी कतारों के कारण करीब दो किलोमीटर तक जाम लगने की स्थिति बन रही है। ऐसे में श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
सुरक्षा व्यवस्था के बिना उमड़ रही भीड़
श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए स्थल पर पुलिस बल की तैनाती, यातायात नियंत्रण और वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग की आवश्यकता महसूस की जा रही है। भीड़ के बीच किसी अप्रिय घटना की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से ठोस पहल नहीं होने पर सवाल उठ रहे हैं।
जनप्रतिनिधियों से मांग
भंवरसेन घाट पर मां काली की प्रतिमा के दर्शन के लिए लगातार उमड़ रही भीड़ के बीच अब जनप्रतिनिधियों की भूमिका भी चर्चा में है। सोशल मीडिया पर लोग श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और प्राकट्य स्थल पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
Created On :  
