Gujarat News: बनासकांठा में PM मोदी का विपक्ष पर हमला, किसानों को लेकर कही बड़ी बात, MSP और कृषि बजट का भी जिक्र

डिजिटल डेस्क, गांधीनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा में कई विकास कार्यों की शुरुआत की और कुछ योजनाओं का उद्घाटन किया। इन सभी परियोजनाओं की कीमत 14 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा है। इस दौरान उन्होंने पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त भी जारी की। इसके तहत करीब 19 हजार करोड़ रुपये किसानों के खातों में भेजे गए। कार्यक्रम में पीएम मोदी ने किसानों के साथ-साथ देश के मौजूदा हालात पर भी बात की। उन्होंने ईरान से जुड़े तनाव का जिक्र करते हुए विपक्ष पर अफवाह फैलाने और लोगों को डराने का आरोप लगाया। इसके अलावा उन्होंने कृषि बजट और MSP पर भी अपनी बात रखी।
ईरान के तनाव पर विपक्ष को घेरा
पीएम मोदी ने कहा कि जब भी देश के सामने कोई बड़ी परेशानी आती है, तब विपक्ष के कुछ लोग इसका फायदा उठाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने ईरान से जुड़े तनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि एक तरफ पूरा देश मिलकर हालात का सामना कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ कुछ लोग अफवाह फैला रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि लोगों को खाद की कमी होने का डर दिखाया गया। महिलाओं से कहा गया कि रसोई गैस नहीं मिलेगी। पीएम मोदी के मुताबिक, ऐसा करके देश में डर और अफरातफरी फैलाने की कोशिश की गई, ताकि सरकार को बदनाम किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि वह अपनी आखिरी सांस तक देश के लोगों की सेवा करते रहेंगे।
चारपाइयों पर बैठे लोग, गांव की परंपरा की तारीफ
कार्यक्रम में एक खास बात देखने को मिली। वहां मौजूद सभी लोग कुर्सियों की जगह चारपाइयों पर बैठे थे। पीएम मोदी ने इस पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि बनासकांठा के लोगों ने गांवों की पुरानी परंपरा को फिर से याद दिलाया है। उन्होंने कहा कि अगर इस कार्यक्रम की जानकारी गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स को दी जाती, तो शायद इसे विश्व रिकॉर्ड के रूप में जगह मिल सकती थी। पीएम मोदी ने कहा कि इस कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों, किसानों और पशुपालकों के लिए कई विकास कार्य शुरू किए गए हैं।
किसानों के लिए बढ़ा बजट, MSP पर भी बोले पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि साल 2013 के मुकाबले अब देश का कृषि बजट पांच गुना बढ़ चुका है। सरकार ने किसानों की मदद के लिए कई कदम उठाए हैं। उनके अनुसार, पीएम किसान सम्मान निधि के जरिए अब तक करीब साढ़े चार लाख करोड़ रुपये छोटे किसानों के खातों में भेजे जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि देश में करीब 85 प्रतिशत किसान छोटे किसान हैं, लेकिन पहले उनकी जरूरतों पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया। पीएम मोदी ने पिछली सरकारों पर MSP को लेकर किसानों से वादा पूरा नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के समय MSP के जरिए किसानों के खातों में 24 लाख करोड़ रुपये पहुंचे हैं। पीएम मोदी के मुताबिक, पिछले कुछ सालों में सरकार की योजनाओं से किसानों को 50 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का फायदा या बचत हुई है।
Created On :  


