Omar Abdullah marriage: कौन हैं निधि राजदान? जिन्होंने उमर अब्दुल्ला के साथ किया निकाह, जम्मू-कश्मीर CM ने एक्स पर शेयर की तस्वीर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान से शादी कर ली है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर खुद इसकी पुष्टि की। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि नई जिंदगी का नया सफर शुरू हो गया है। दोनों की शादी का ऐलान पहले उमर अब्दुल्ला ने किया, वहीं कुछ देर बाद निधि राजदान ने भी ये खबर आम कर दी।
सीएम अब्दुल्ला और निधि राजदान ने 31 अक्टूबर 2026 को अपनी शादी की आधिकारिक घोषणा की। सोशल मीडिया पर उन्होंने निजी समारोह की तस्वीरें पोस्ट की है। एक संयुक्त पोस्ट में सीएम उमर अब्दुल्ला ने लिखा, "कल एक नए सफर की शुरुआत हुई," जबकि निधि राजदान ने 'X' (ट्विटर) पर एक हल्के-फुल्के अंदाज़ में लिखा, "Its Done Bro।"
यह भी पढ़े -पंजाब चुनाव से पहले कांग्रेस की बड़ी बैठक, राहुल गांधी ने नेताओं के साथ बनाया चुनावी रोडमैप
सुप्रीम कोर्ट से तलाक के तीन महीने बाद हुई शादी
उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान की यह शादी उमर अब्दुल्ला और उनकी पहली पत्नी पायल अब्दुल्ला के तलाक के करीब तीन महीने बाद हुई है। 31 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने दोनों की लगभग 30 साल पुरानी शादी को कानूनी रूप से खत्म करने की मंजूरी दी थी। कोर्ट ने संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत यह फैसला सुनाया था। दोनों पक्ष लंबे समय से चले आ रहे वैवाहिक विवाद को आपसी सहमति से सुलझाने पर राजी हुए थे।
बता दें, उमर अब्दुल्ला के पहली शादी से दो बेटे हैं। वहीं, निधि राजदान राष्ट्रीय टेलीविजन की जानी-मानी पूर्व न्यूज एंकर रह चुकी हैं। इससे पहले उनकी शादी दिल्ली के एक गीतकार और पत्रकार से हुई थी।
निजी समारोह में हुई शादी
उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान ने अपनी शादी को निजी रखा। हालांकि, पिछले कुछ महीनों से दोनों को कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में एक साथ देखा जा रहा था। इनमें दिल्ली हाफ मैराथन और जम्मू-कश्मीर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल जैसे आयोजन शामिल हैं।
सूत्रों के मुताबिक, दोनों की शादी 30 अक्टूबर को श्रीनगर के हरि निवास पैलेस में हुई। समारोह में परिवार के सदस्यों और करीबी दोस्तों ने शिरकत की। इसके बाद 31 अक्टूबर को दिल्ली के एक निजी होटल में शादी का पहला रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा।
यह भी पढ़े -चापलूसी किरेन रिजिजू के दिमाग में... वे 'मेंटल क्रिमिनल' हैं, नसीरुद्दीन शाह के समर्थन में उतरे CPM नेता
स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत रजिस्टर हुई शादी
जानकारी के मुताबिक, उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान की शादी दिल्ली की एक अदालत में विशेष विवाह अधिनियम (Special Marriage Act) के तहत रजिस्टर कराई गई है। शादी की कानूनी प्रक्रिया अगस्त 2026 में शुरू हुई थी। सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद सितंबर के आखिरी सप्ताह में पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी की गई।
सूत्रों का यह भी कहना है कि कानूनी पंजीकरण से पहले श्रीनगर के हरि निवास पैलेस में निकाह की रस्म अदा की गई थी। इसमें दोनों परिवारों के सदस्य मौजूद रहे। दिल्ली में 31 अक्टूबर को शाम 7 बजे पहला रिसेप्शन होगा। इसके बाद अगले सप्ताह जम्मू और फिर श्रीनगर में भी रिसेप्शन आयोजित किए जाने की जानकारी है।
Created On :  

