Supreme Court News: CJI सूर्यकांत पर विवादित पोस्ट से बढ़ी कांग्रेस की मुश्किलें, केरल कांग्रेस के खिलाफ अवमानना याचिका दर्ज

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई विवादित पोस्ट को लेकर केरल कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। सुप्रीम कोर्ट ने केरलम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) के खिलाफ अवमानना की कार्यवाही शुरू करने की मांग वाली शिकायत को रिट याचिका के रूप में दर्ज किया है। सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट के अनुसार वकील विनीत जिंदल ने 13 अक्टूबर को सीजेआई को शिकायत भेजी थी, जिसे 30 अक्टूबर को याचिका के रूप में दर्ज किया गया।
यह भी पढ़े -विपक्ष की मांग CJI सूर्यकांत ने ठुकराई! मिलने का समय देने से किया इनकार, राहुल गांधी ने किया था मार्च का ऐलान
क्या है पूरा विवाद?
दरअसल, 12 अक्टूबर को कांग्रेस के आधिकारिक एक्स अकाउंट 'कांग्रेस केरलम' से सीजेआई को निशाना बनाते हुए एक विवादित पोस्ट की गई थी। पोस्ट वायरल होने के बाद इसकी तीखी आलोचना हुई। विवाद बढ़ने पर पार्टी ने पोस्ट हटा दी और इसके लिए जिम्मेदार व्यक्ति को पद से भी हटा दिया।
इसके बाद केरलम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सनी जोसेफ ने सफाई देते हुए कहा कि विवादित पोस्ट पार्टी के आधिकारिक एक्स अकाउंट से केपीसीसी नेतृत्व की जानकारी, सहमति या परामर्श के बिना की गई थी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि न्यायपालिका की निष्पक्षता को लेकर कांग्रेस का कोई मतभेद नहीं है।
अब इस केस में शीर्ष कोर्ट में पिटीशन दर्ज होने के बाद विवाद ने कानूनी रूप ले लिया है। हालांकि, याचिका दर्ज होना अपने आप में अवमानना साबित होना या अदालत की ओर से कार्यवाही शुरू किया जाना नहीं है।
शिकायत में केपीसीसी के खिलाफ अवमानना की कार्यवाही शुरू करने की मांग के साथ 12 अक्टूबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट परिसर में हुए राजनीतिक प्रदर्शन की भी जांच कराने की अपील की गई है। इसमें राहुल गांधी और अन्य नेताओं की मौजूदगी में हुई नारेबाजी के दौरान वकीलों, वादियों, न्यायिक अधिकारियों और अदालत के कर्मचारियों की आवाजाही बाधित होने की आशंका भी जताई गई है। याचिका में यह पता लगाने की मांग की गई है कि कोर्ट परिसर में इस तरह के राजनीतिक प्रदर्शन की अनुमति थी या नहीं।
Created On :  


