CEC Controversy: राहुल की रामलीला रैली पर BJP का हमला, एनडीए नेता बोले- खाली रह गईं हजारों कुर्सियां

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भाजपा ने दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की रैली के बाद कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी नेताओं ने रैली में भीड़ जुटाने के दावों पर सवाल उठाते हुए इसे फ्लॉप बताया। साथ ही आरोप लगाया कि राहुल गांधी संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर देश में भ्रम और अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
यह भी पढ़े -INDIA गठबंधन की रैली पर BJP का तंज, संबित पात्रा बोले - पूरी तरह समय की बर्बादी; 10 लाख की भीड़ के दावे पर उठाए सवाल
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने रैली को टुकड़े-टुकड़े गैंग का कार्यक्रम बताते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष देश में अराजकता का माहौल बनाना चाहता है। उन्होंने कहा कि देश संविधान से चलेगा, किसी व्यक्ति के आदेश से नहीं।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि 10 लाख की तथाकथित ऐतिहासिक भीड़ का दावा करने वाले INDIA गठबंधन की रैली सुपर फ्लॉप रही। उन्होंने कहा कि मैदान में हजारों कुर्सियां खाली रह गईं। भाजपा नेता आरपी सिंह ने भी रैली को फ्लॉप बताते हुए कहा कि लाखों लोगों को जुटाने की अपील के बावजूद करीब 25 से 30 हजार लोग ही पहुंचे। इस दौरान उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि उन्हें चुनाव आयोग, न्यायपालिका, सेना, सीबीआई और ईडी जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा नहीं है।
यह भी पढ़े -दिल्ली बनी छावनी! राहुल गांधी के मार्च से पहले 3,500 पुलिसकर्मी तैनात, 14 जोन में बंटा रामलीला मैदान, 10 लाख लोगों को बुलावा
बीजेपी नेता प्रतुल शाहदेव ने राहुल गांधी पर झूठ का व्यापार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की रक्षा करने वाली पार्टी है, जबकि विपक्ष देश में अराजकता फैलाना चाहता है।
भाजपा नेता तरुण चुघ ने कहा कि 10 लाख लोगों की भीड़ जुटाने का दावा करने वाले राहुल गांधी की रैली में मैदान और कुर्सियां खाली थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता ने कांग्रेस की वोट चोरी की राजनीति को नकार दिया है। उनके मुताबिक, राहुल गांधी की राजनीति अब संवैधानिक संस्थाओं और न्यायपालिका पर हमलों तक सीमित रह गई है।
राजस्थान सरकार के मंत्री जोगाराम पटेल ने भी रैली को पूरी तरह विफल बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं और जिलाध्यक्षों को भीड़ जुटाने के निर्देश दिए थे, इसके बावजूद अपेक्षित संख्या में लोग नहीं पहुंचे। उन्होंने राहुल गांधी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह कहीं नहीं जा रहे हैं, वे देश की सेवा करते रहेंगे।
Created On :  

