विधानसभा चुनाव 2027: UP डिप्टी CM का बड़ा बयान, 30 साल तक रहेगा भाजपा का राज, रवि किशन बोले- 2027 में होगी ऐतिहासिक जीत

डिजिटल डेस्क, प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा नेताओं ने प्रदेश में एक बार फिर सरकार बनाने का दावा करते हुए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अगले 30 साल तक भाजपा सत्ता से बाहर नहीं होने वाली और सपा की सरकार बनने की संभावना नहीं है। उन्होंने कहा कि बयानबाजी करना अलग बात है, लेकिन धरातल पर काम करके जनता का दिल जीतना अलग है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता का विश्वास जीता है। उन्होंने दावा किया कि जनता बार-बार भाजपा सरकार चाहती है, ताकि विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश का लक्ष्य पूरा हो सके।
वहीं,भाजपा सांसद रवि किशन ने 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की बड़ी जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाएंगे। यह जनता की आवाज है और भाजपा ऐतिहासिक जीत के साथ सत्ता में लौटेगी।
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने भी सपा नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेता अगर जमीन पर उतरकर प्रदेश का दौरा करें तो उन्हें एक्सप्रेसवे, मेडिकल कॉलेज और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों का विकास दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार हुआ है। उनके मुताबिक, उत्तर प्रदेश आज विकास, उन्नति और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहा है, लेकिन सपा नेता जमीनी हकीकत देखने के बजाय घरों में बैठकर बयानबाजी कर रहे हैं।
यह भी पढ़े -प्रयागराज RTO में अवैध वसूली का मामला योगी दरबार पहुंचा, BJP नेता ने CM को भेजा शिकायती पत्र
बीजेपी नेताओं के बयान पर सपा नेता फखरुल हसन चांद ने पलटवार करते हुए कहा भाजपा ने जनता से केवल झूठे वादे किए हैं 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है और सभी को उनका हक मिलेगा, इंसाफ मिलेगा। उन्होंने आगे कहा पूरा विपक्ष और देश चाहता है कि इस देश का संविधान और लोकतंत्र मजबूत रहे और संविधान, लोकतंत्र तभी मजबूत रहेगा जब यहां निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से चुनाव होंगे और सरकारें लोकतांत्रिक तरह से बनेंगी। ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर पूरा देश एकजुट है।
Created On :  

