MP News: राज्यसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने निर्दलीय उम्मीदवार को दिया समर्थन, राजकुमार लोहनी ने दाखिल किया नामांकन

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में राज्यसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा की ओर से केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद अब निर्दलीय प्रत्याशी राजकुमार लोहनी ने भी चुनावी मैदान में उतरने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने आज विधानसभा में रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष अपना नामांकन दाखिल किया। खास बात यह रही कि कांग्रेस विधायकों ने उनके नामांकन का समर्थन किया।
यह भी पढ़े -भोपाल में कर्ज के बोझ तले दबे कैटरिंग कारोबारी पर परिवार की हत्या का शक, रेलवे ट्रैक पर मिला शव
भोपाल के घोड़ा नक्कास क्षेत्र के निवासी राजकुमार लोहनी के नामांकन में कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे प्रस्तावक बने। इस दौरान कांग्रेस के कई अन्य विधायक भी उनके साथ मौजूद रहे। इनमें आतिफ अकील, सुरेंद्र सिंह बघेल और अभिजीत शाह के नाम शामिल हैं। कांग्रेस विधायकों की मौजूदगी से राज्यसभा उपचुनाव में सियासी मुकाबला दिलचस्प हो गया है।
विधानसभा में संख्या बल के लिहाज से भाजपा की स्थिति मजबूत है। पार्टी के पास इस सीट पर जीत दर्ज करने के लिए पर्याप्त विधायक हैं। दूसरी ओर, कांग्रेस के पास अपने दम पर उम्मीदवार को जिताने के लिए जरूरी संख्या नहीं है। यही वजह थी कि कांग्रेस ने शुरुआत में अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया था। अब पार्टी विधायकों ने निर्दलीय उम्मीदवार को समर्थन देकर चुनाव में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है।
यह भी पढ़े -हरदीप पुरी के नामांकन से पहले भोपाल में बवाल, सिंघार का हमला और मनोज शुक्ला पर पुलिस का पहरा
दरअसल, भाजपा ने राज्यसभा उपचुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को उम्मीदवार बनाया है। इसके बाद से ही कांग्रेस उनके नाम को लेकर भाजपा पर हमलावर है। कांग्रेस का आरोप है कि पुरी का नाम और तस्वीर एपस्टीन फाइल्स से जुड़ी रिपोर्टों में सामने आए हैं। इसी मुद्दे को लेकर पार्टी लगातार भाजपा से सवाल कर रही है। अब निर्दलीय प्रत्याशी को समर्थन देने के फैसले ने प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है।
Created On :  

