MP News: शराब माफिया के आगे बेबस मोहन सरकार! जीतू पटवारी ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश में अवैध शराब के कारोबार और कानून-व्यवस्था को लेकर मोहन सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में शराब माफिया के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि अब अवैध शराब की तस्करी रोकने पहुंचे पुलिस अधिकारियों की जान भी सुरक्षित नहीं है।
पटवारी ने खातेगांव में थाना प्रभारी दिलीप पुरी की मौत का मामला उठाते हुए कहा कि वे अपनी टीम के साथ नेमावर रोड हाईवे पर अवैध शराब की तस्करी रोकने पहुंचे थे। इसी दौरान शराब तस्करी में इस्तेमाल हो रहे ट्रक के चालक ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में थाना प्रभारी की मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि यह घटना प्रदेश में शराब माफिया के बढ़ते हौसलों को दिखाती है। अवैध शराब का कारोबार रोकने की कोशिश में पुलिस अधिकारी की जान चली जाना बेहद गंभीर मामला है।
यह भी पढ़े -मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रोपा 'संकल्प वृक्ष', कहा- 'हमारी विशेषता है अनेकता में एकता'
जहरीली शराब से मौतों का उठाया मामला
जीतू पटवारी ने सितंबर 2026 में सागर जिले के नौराजा, घूघरा खुर्द और आसपास के गांवों में जहरीली शराब से हुई मौतों का भी जिक्र किया। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रशासन की मौजूदगी के बावजूद इन इलाकों में जहरीली शराब का कारोबार कैसे चलता रहा।
इसके अलावा देवास जिले के चंदाना-बिंजाना और आसपास के क्षेत्रों में अक्टूबर में जहरीली शराब से हुई मौतों का मामला भी उठाया। पटवारी ने कहा कि पुलिस जांच में नकली शराब बनाने, रसायनों की खरीद और लाइसेंसी शराब दुकानों से जुड़े कुछ लोगों की भूमिका की जांच की गई। ऐसे में आबकारी विभाग और पुलिस की निगरानी पर सवाल उठना लाजिमी है।
सीएम से पूछे 5 सवाल
जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सवाल किया कि प्रदेश में अवैध शराब का कारोबार इतनी आसानी से कैसे चल रहा है? खातेगांव में थाना प्रभारी दिलीप पुरी की मौत के जिम्मेदार तस्करों पर सख्त कार्रवाई कब होगी?
उन्होंने यह भी पूछा कि सागर और देवास में जहरीली शराब से हुई मौतों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और उन्हें संरक्षण देने वालों की जवाबदेही कब तय होगी? पुलिस और आबकारी विभाग की निगरानी के बावजूद अवैध शराब की सप्लाई कैसे जारी है और सरकार शराब माफिया के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कब करेगी?
कांग्रेस ने की हाईलेवल जांच की मांग
मप्र कांग्रेस ने खातेगांव, सागर और देवास की घटनाओं की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि अवैध शराब के पूरे नेटवर्क और उसे संरक्षण देने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही पार्टी ने थाना प्रभारी दिलीप पुरी के परिवार को उचित आर्थिक सहायता और सम्मान देने की मांग भी की है।
जीतू पटवारी ने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ये जानना चाहती है कि मोहन यादव सरकार में कानून का राज चलेगा या शराब माफिया और अपराधियों का।
Created On :  


