Jharkhand News: निशा भगत की मौत पर सियासी संग्राम, CBI जांच के बाद भी भाजपा का आंदोलन जारी

निशा भगत की मौत पर सियासी संग्राम, CBI जांच के बाद भी भाजपा का आंदोलन जारी
निशा भगत की मौत के मामले में सीबीआई जांच की अनुशंसा के बाद झारखंड में भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हैं। भाजपा ने गिरफ्तारी की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कही है, जबकि कांग्रेस ने सरकार के फैसले को पारिवारिक मांग के प्रति प्रतिबद्धता बताया है।

डिजिटल डेस्क, रांची। झारखंड में आदिवासी कार्यकर्ता निशा भगत की मौत के मामले में सीबीआई जांच की अनुशंसा के बाद सियासत तेज हो गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार ने निशा भगत के परिवार की मांग पर मामले की सीबीआई जांच की अनुशंसा की है। इस फैसले के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। भाजपा ने जहां सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया है, वहीं कांग्रेस ने इसे सरकार की प्रतिबद्धता बताया है।

भाजपा नेता प्रतुल शाहदेव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा कि निशा भगत की आत्महत्या के बाद सरकार के आदिवासी प्रेम की पोल खुल गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि निशा भगत ने फेसबुक लाइव के दौरान सरकार की उदासीनता का जिक्र किया था। उन्होंने पिठौरिया थाने के एसएचओ, जमीन दलाल अजय तिर्की और ज्योत्सना पर भी आरोप लगाए थे। शाहदेव के अनुसार, निशा भगत ने धर्मांतरण के खिलाफ आंदोलन करने के कारण प्रताड़ित किए जाने की बात भी कही थी।

शाहदेव ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने सात दिनों तक इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। भाजपा के सड़कों पर उतरने और मशाल जुलूस निकालने के बाद सरकार ने सीबीआई जांच की अनुशंसा की। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी की मांग सिर्फ सीबीआई जांच तक सीमित नहीं है। भाजपा पिठौरिया के एसएचओ की गिरफ्तारी और निशा भगत की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रखेगी।

वहीं, कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा ने सरकार के फैसले का बचाव करते हुए कहा कि निशा भगत राज्य की बेटी और आदिवासी समाज से थीं। उनके परिवार ने सीबीआई जांच की मांग की थी, जिसे मुख्यमंत्री ने पूरा किया है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी मौत और आत्महत्या जैसे गंभीर मामलों में भी राजनीतिक लाभ तलाशती है।

Created On :  

Tags

Next Story