'दिमागी नक्सल': 'नक्सलवाद खत्म होने पर मोदी जी को धन्यवाद दीजिए', राहुल गांधी पर किरेन रिजिजू का पलटवार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए बयान पर सियासी पारा हाई है। इस टिप्पणी पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने पलटवार करते हुए कहा कि नक्सलवाद खत्म होने पर पीएम मोदी का शुक्रिया अदा करना चाहिए। इससे पहले राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के बस्तर में 'दिमागी नक्सल' वाले बयान पर हमला किया और उन्हें दोबारा सार्वजनिक बहस करने की चुनौती दी थी।
केंद्रीय मंत्री ने इस दौरान पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के उस बयान का भी जिक्र किया है, जिसमें उन्होंने नक्सलवाद को देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए बहुत बड़ा खतरा बताया था।
यह भी पढ़े -पेट्रोल में 31% एथनॉल..! राहुल का केंद्र पर वार, BJP ने दिया करारा जवाब, कहा- पहले अपना घर संभालो
राहुल गांधी पर साधा निशाना
किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बयान जारी किया है, जिसमें उन्होंने कहा, "राहुल जी, सशस्त्र माओवादियों को खत्म करने के लिए मोदी जी को धन्यवाद दीजिए। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी ने वामपंथी उग्रवाद और नक्सलवाद को भारत के लिए सबसे बड़ा आंतरिक सुरक्षा खतरा बताया था। अगला टारगेट 'दिमागी नक्सलियों' का सफाया करना है।"
राहुल गांधी का बयान
दिवाली मनाने के लिए पीएम मोदी छत्तीसगढ़ के बस्तर इलाके के जंगलों में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने CRPF जवानों के साथ तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा की थीं। इन्हें शेयर करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा था, "प्रिय सीआरपीएफ के जवानों, आपके चेहरों ने सब बता दिया कि आपको प्रधानमंत्री के झूठ पर भरोसा नहीं। उन्होंने हमें नक्सली कहा। मेरी चुनौती कायम है। वो मुझसे बहस करें - देशद्रोही कौन है और विदेशी ताकतों के इशारे पर कौन चल रहा है। कोई भी समय, किसी भी जगह। मेरी गारंटी, उस बहस के बाद प्रधानमंत्री में एक भी जवान के सामने खड़े होने की हिम्मत नहीं होगी।"
यह भी पढ़े -भाजपा प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, कहा- जब-जब बड़ी जिम्मेदारी मिली कांग्रेस के विधायकों की संख्या घट गई
नक्सलवाद को लेकर PM मोदी की टिप्पणी
दूसरी तरफ, पीएम मोदी ने नक्सलवाद को लेकर कहा था कि हमें हमेशा एक बात याद रखनी चाहिए कि नक्सली खत्म जरूर हो गए हैं, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है। जंगलों से हथियारबंद नक्सलियों का पूरी तरह से सफाया जरूर हो गया है, लेकिन दिमागी नक्सलियों ने कई संगठनों पर कब्जा कर लिया है। वे लोग अभी भी देश के संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ भड़काने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कई राजनीतिक दलों और अलग-अलग संगठनों में भी घुसपैठ कर ली है, जिनकी पहचान करनी होगी और देश की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी।
Created On :  

