MP News: SIR पर BJP का कांग्रेस पर हमला, हेमंत खंडेलवाल बोले- राहुल गांधी देश में फैला रहे अराजकता

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा प्रदेश मुख्यालय में गुरुवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा। नेताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। भाजपा नेताओं ने कहा कि SIR को लेकर विपक्ष गलत तथ्य पेश कर रहा है और चुनाव में हार का ठीकरा कभी EVM तो कभी मतदाता सूची पुनरीक्षण पर फोड़ा जाता है।
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि राहुल गांधी पूरे देश में अराजकता फैलाने का काम कर रहे हैं। भाजपा ने लोकतंत्र बचाने और अराजकता हटाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश में तीन रैलियां आयोजित की हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन SIR को लेकर गलत तथ्य बताकर लोगों के बीच भ्रम फैलाया जा रहा है। 13 करोड़ मतदाताओं के नाम काटे जाने का दावा पूरी तरह झूठा है।
12 बार हो चुकी है SIR की प्रक्रिया : प्रेम शुक्ला
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि देश में अब तक 12 बार SIR की प्रक्रिया हो चुकी है और इसकी शुरुआत भी कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सदन में बहस करने के लिए तैयार नहीं है। विपक्ष अपनी बात रखने के बाद सरकार का जवाब सुनने को तैयार नहीं होता।
प्रेम शुक्ला ने कहा कि मतदाता सूची से मृतकों, स्थायी रूप से दूसरी जगह जा चुके लोगों, पते पर नहीं मिलने वाले और डुप्लीकेट नामों को हटाना सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया है। उन्होंने राहुल गांधी पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे अब तक ऐसा एक भी मतदाता पेश नहीं कर पाए हैं, जो वैध हो और जिसका नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया हो।
कांग्रेस के प्रदर्शन पर भी साधा निशाना
प्रेम शुक्ला ने दिल्ली में कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर कहा कि इससे व्यापारियों को परेशानी हुई। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान 118 पुलिस जवानों के घायल होने का दावा भी किया। साथ ही राहुल गांधी पर हिंदुओं का अपमान करने और कांग्रेस के पास अपने आरोपों के समर्थन में तथ्य नहीं होने का आरोप लगाया।
मध्यप्रदेश में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हुई कार्रवाई को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता जानते हैं कि उनका प्रदर्शन अनावश्यक है, इसलिए वे खुद इसमें शामिल नहीं हो रहे हैं। कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन में शामिल करने के लिए कार्रवाई करनी पड़ रही है।
यह भी पढ़े -UP डिप्टी CM का बड़ा बयान, 30 साल तक रहेगा भाजपा का राज, रवि किशन बोले- 2027 में होगी ऐतिहासिक जीत
चीन से MOU और फंडिंग का भी उठाया मुद्दा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रेम शुक्ला ने कांग्रेस और गांधी परिवार पर चीन के साथ MOU तथा राजीव गांधी फाउंडेशन को चीन से फंडिंग मिलने के आरोप भी लगाए। उन्होंने अभिजीत नाम का जिक्र करते हुए विदेश से फंडिंग मिलने का दावा किया। शुक्ला ने कहा कि लोकतंत्र में जनमत तैयार करना भी जरूरी है और भाजपा अपने विचार जनता तक पहुंचाने के लिए अभियान चला रही है।
SIR पर विशेष सत्र बुलाने को तैयार सरकार
प्रेम शुक्ला ने कहा कि सरकार SIR के मुद्दे पर विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने के लिए तैयार है। उन्होंने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि यदि विपक्ष के पास इस प्रक्रिया को लेकर तथ्य और प्रमाण हैं, तो उन्हें सामने रखना चाहिए। भाजपा का कहना है कि वह SIR को लेकर कांग्रेस की ओर से फैलाए जा रहे कथित भ्रम का पर्दाफाश करने के लिए अभियान चला रही है।
Created On :  

