वार पलटवार: राहुल की चुनौती पर रविशंकर का तीखा तंज, 'चौराहे पर बहस होगी क्या?' से गरमाई सियासत

राहुल की चुनौती पर रविशंकर का तीखा तंज, चौराहे पर बहस होगी क्या? से गरमाई सियासत
बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने मंगलवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए बयान पर तीखा पलटवार किया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने मंगलवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए बयान पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि आखिर राहुल गांधी को गंभीरता से लेता कौन है?

बीजेपी सांसद ने कहा कि यह बहुत शर्मिंदगी की बात है कि वे अब देश की सेना और अर्ध-सैनिक बलों को उकसाने का काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अगुवाई में बस्तर में कमाल का काम हुआ है, सारा नक्सलवाद खत्म हो गया है

बिहार की राजधानी पटना के एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ के बस्तर में अर्ध-सैनिक बलों के जवानों के बधाई देने गए थे और राहुल गांधी क्या कहते हैं? CRPF और BSF के किसी जवान पर कोई असर नहीं पड़ रहा। यह कोई भाषा है क्या? वे कभी सेना पर सवाल उठाएंगे, कभी BSF पर सवाल उठाएंगे।'

राहुल गांधी संसद में आइए और बहस कीजिए - रविशंकर प्रसाद

वहीं, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहस के लिए दी गई चुनौती पर भी BJP सांसद रविशंकर प्रसाद ने तीखी टिप्पणी की है। उन्होंने कहा, 'राहुल गांधी से कहा गया कि आप सदन में आइए, बहस कीजिए, लेकिन आप सदन तो चलने देते हीं नहीं हैं। तो अब आपसे चौराहे पर बहस होगी क्या? क्या यही आपका स्तर हो चुका है?'

इस दौरान भाजपा नेता ने कांग्रेस के संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब को लेकर कहा, 'मैं पहले किताब को पढूंगा, फिर इस पर जवाब दूंगा।'

प्रधानमंत्री मोदी के बस्तर दौरे पर क्या बोले थे राहुल गांधी?

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने दीपावली के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ के बस्तर में अर्ध-सैनिक बल बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) के कैंप दौरे को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने सोमवार (9 नवंबर, 2026) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी के बस्तर में दिए संबोधन के वीडियो पोस्ट को फिर से शेयर किया।

उन्होंने अपने पोस्ट में कहा, 'प्रिय CRPF के जवानों, आपके चेहरों ने सब बता दिया - आपको प्रधानमंत्री के झूठ पर भरोसा नहीं। उन्होंने हमें नक्सली कहा। मेरी चुनौती कायम है। वो मुझसे बहस करें - देशद्रोही कौन है और विदेशी ताकतों के इशारे पर कौन चल रहा है। कोई भी समय, किसी भी जगह। मेरी गारंटी: उस बहस के बाद प्रधानमंत्री में एक भी जवान के सामने खड़े होने की हिम्मत नहीं होगी।'

Created On :  

Tags

Next Story