मौसम अपडेट: बिहार-झारखंड से ओडिशा तक तूफान का खतरा, दिल्ली-MP में भी बारिश का अलर्ट

बिहार-झारखंड से ओडिशा तक तूफान का खतरा, दिल्ली-MP में भी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 29 अक्टूबर को 23 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मानसून भले ही खत्म हो गया हो लेकिन देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर अभी जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने 29 अक्टूबर को देश के 23 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी दी है। इस दौरान कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ओडिशा, आंध्र प्रदेश, झारखंड और बिहार में मौसम का ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। वहीं, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में भी बारिश होने की संभावना है। ऐसे में लोगों को बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की जरूरत है।

इन 23 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, 29 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, सिक्किम, असम, त्रिपुरा, नागालैंड और मिजोरम में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

वहीं, कुछ इलाकों में हवाएं 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। ओडिशा, आंध्र प्रदेश, झारखंड और बिहार में इसका ज्यादा असर पड़ने की आशंका है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन हो सकता है। वहीं, तेज हवा से पेड़ गिरने और रास्ते बंद होने का खतरा भी बना हुआ है। ऐसे में लोगों को मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करनी चाहिए।

मध्य प्रदेश में कहां होगी बारिश?

मध्य प्रदेश के कई शहरों में 29 अक्टूबर को बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने भोपाल, इंदौर, उज्जैन, विदिशा, मंडला, छिंदवाड़ा, अशोकनगर, कटनी और उमरिया में अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। भोपाल में आज अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बारिश और तेज हवाओं के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी हो सकती है। किसानों को भी अपनी फसलों की सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए।

दिल्ली में भी बारिश के आसार

आपको बता दें कि, दिल्ली में भी 29 अक्टूबर को बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इससे मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। राजधानी में आज अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

Created On :  

Tags

Next Story