सियासी वार-पलटवार: एनडीए नेताओं ने सैम पित्रोदा के बयान को बताया विवादित, भाजपा ने कहा गांधी परिवार का लाडला

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के चेयरमैन सैम पित्रोदा की टिप्पणी को लेकर देश की राजनीति में विवाद तेज हो गया है। उनके बयान पर केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले समेत भाजपा और शिवसेना के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। नेताओं ने कांग्रेस पर चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था को बदनाम करने और बिना सबूत वोट चोरी के आरोप लगाने का आरोप लगाया है।
मुंबई में केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि सैम पित्रोदा पहले भी कई विवादित बयान दे चुके हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार बनती है, वहां वोट चोरी का आरोप क्यों नहीं लगाया जाता, जबकि भाजपा और एनडीए की सरकार वाले राज्यों में ऐसे आरोप लगाए जाते हैं। अठावले ने कहा कि चुनाव में जनता अपनी पसंद के प्रतिनिधियों को सत्ता में लाती है और पित्रोदा के बयान में कोई तथ्य नहीं है।
बीजेपी नेता राम कदम ने भी पित्रोदा पर निशाना साधा। उन्होंने उन्हें गांधी परिवार का करीबी बताते हुए 1984 के सिख विरोधी दंगों के संदर्भ में उनके पुराने बयान 'हुआ तो हुआ' का जिक्र किया। राम कदम ने आरोप लगाया कि विदेश में बैठकर बिना सबूत संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करना एक सोची-समझी साजिश है।
यह भी पढ़े -नेशनल हेराल्ड मामले ने अमेरिका में मेरी छवि को नुकसान पहुंचाया सैम पित्रोदा (आईएएनएस एक्सक्लूसिव)
भाजपा नेता गुरु प्रकाश पासवान ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव आयोग की स्वतंत्रता और स्वायत्तता संविधान के अनुच्छेद 324 और 325 में सुनिश्चित है। उन्होंने सवाल किया कि राष्ट्रपति के सामने सबूत होने का दावा करने के एक महीने से अधिक समय बाद भी उन्हें सार्वजनिक क्यों नहीं किया गया। उन्होंने कांग्रेस से आरोपों के बजाय जनता का विश्वास जीतने की अपील की।
वहीं, शिवसेना नेता आनंद दुबे ने भी पित्रोदा की टिप्पणी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि विदेश में रहने वाले पित्रोदा को भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था और चुनाव प्रक्रिया की पर्याप्त जानकारी नहीं है। दुबे ने आरोप लगाया कि ऐसे बयान देश में राजनीतिक तनाव और अराजकता पैदा करने का प्रयास हैं।
Created On :  
