सतना न्यूज: शुद्ध मिठाई के नाम पर पामोलिन का इस्तेमाल, प्रशासन ने पकड़ा स्टॉक

डिजिटल डेस्क सतना। त्योहारी सीजन में मिठाइयों की गुणवत्ता और मिलावट की जांच के लिए जिला प्रशासन, पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार शाम पंजाबी मोहल्ला में छापामार कार्रवाई की। अमृत लाल नागदेव के मकान पर की गई जांच में करीब 4 क्विंटल संदिग्ध मिठाइयों का स्टॉक मिला। टीम ने मौके पर मौजूद पूरा माल जब्त कर लिया। जांच में मिठाइयों की पैकेजिंग और उनमें इस्तेमाल की गई सामग्री से संबंधित कई अनियमितताएं सामने आईं। पैकेटों पर न तो निर्माण तिथि और एक्सपायरी डेट दर्ज थी और न ही बैच नंबर तथा सामग्री (इंग्रेडिएंट्स) की जानकारी दी गई थी।
ऐसे बनाई गई थी मिठाई
जांच के दौरान टीम को मौके पर मिल्क केक, कलाकंद और बर्फी जैसी मिठाइयां मिलीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शुद्ध कलाकंद और मिल्क केक के नाम पर बेची जा रही मिठाइयां स्किम्ड मिल्क पाउडर और पामोलिन तेल का इस्तेमाल करके तैयार की जा रही थीं। मिठाइयों के पैकेटों पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत जरूरी लेबलिंग संबंधी जानकारियां भी दर्ज नहीं थीं। इससे उपभोक्ताओं को यह पता लगाना संभव नहीं था कि मिठाई कब तैयार की गई और उसमें किन सामग्रियों का इस्तेमाल हुआ है।
4 क्विंटल मिठाई जब्त, नमूने लैब भेजे
अनियमितताएं सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर मौजूद करीब 4 क्विंटल मिठाइयों का स्टॉक जब्त कर लिया। अलग-अलग प्रकार की मिठाइयों के कानूनी नमूने लेकर विस्तृत जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अधिकारियों के अनुसार प्रयोगशाला की रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधितों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में ये अधिकारी रहे शामिल
संयुक्त कार्रवाई एसडीएम (सिटी) राहुल सिलाडिय़ा, सीएसपी मनीष त्रिपाठी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभिषेक बिहारी गौर और देवेंद्र कुमार दुबे की मौजूदगी में की गई। प्रशासन का कहना है कि त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने और मिलावट करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
Created On :  
