Satna news: सतना में डेंगू से 29 वर्षीय युवक की मौत, सात माह की गर्भवती पत्नी भी हुई संक्रमित

डिजिटल न्यूज़ सतना
शहर के सिद्धार्थ नगर वार्ड क्रमांक 8 निवासी 29 वर्षीय राजेश बुनकर की डेंगू से इलाज के दौरान मौत हो गई। राजेश पिता संतोष बुनकर अपनी पत्नी प्रियंका (26) के साथ पुणे में एक कंपनी में मजदूरी करता था। उसकी पत्नी सात माह की गर्भवती है।
परिजनों के मुताबिक, 29 तारीख को राजेश, उसका भाई अजय और पत्नी प्रियंका पुणे से लौटे थे। घर पहुंचने के बाद तीनों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें बुखार के साथ लगातार उल्टियां होने लगीं। जानकारी मिलने पर चाचा धर्मेंद्र अस्पताल पहुंचे और प्रियंका को दोपहर 2 बजे सिंधी कैंप स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया। जांच में प्रियंका के डेंगू संक्रमित होने की पुष्टि हुई। उपचार के बाद रविवार को उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
इधर, राजेश को उसके मामा केशव पहले निजी क्लीनिक ले गए। आर्थिक परेशानी के चलते उसे जिला अस्पताल के वार्ड क्रमांक 6 में भर्ती कराया गया। शनिवार को वहां से डिस्चार्ज कराकर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच में उसके प्लेटलेट्स 27 हजार मिले। उसे एक यूनिट प्लेटलेट्स चढ़ाई गई। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने रीवा ले जाने की सलाह दी। परिजन निजी एंबुलेंस से उसे रीवा ले जा रहे थे, तभी दोपहर करीब 3 बजे रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना से परिवार में मातम पसरा है। घटना की जानकारी लगते ही मलेरिया विभाग की टीम मृतक के घर पहुंची, टीम जांच कर रही है।
Created On :  
