Satna news: मिल्क पाउडर, सूजी और तेल से तैयार 350 किलो मिल्क केक-जब्त

मिल्क पाउडर, सूजी और तेल से तैयार 350 किलो मिल्क केक-जब्त
यूपी से बस में रीवा और उचेहरा भेजी जा रही थी खेप, 200 किलो लडडूदाना भी मिला

डिजिटल न्यूज़ सतना

उत्तर प्रदेश से बस के जरिए रीवा और उचेहरा भेजी जा रही करीब 350 किलोग्राम मिठाई और मिल्क केक की खेप खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने जब्त की है। इनमें करीब 2.5 क्विंटल मिल्क केक और 1 क्विंटल स्वीट डिलीशियस नाम से पैक मिठाई शामिल है। इसी बस में कानपुर से रीवा भेजा जा रहा 200 किलो लडड्दाना (बूंदी) भी मिला। मिलावट की आशंका और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की स्थिति मिलने पर विभाग ने खाद्य सामग्री जब्त कर नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। मुखबिर की सूचना पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों अभिषेक बिहारी गौर और देवेंद्र कुमार दुबे की टीम ने बस क्रमांक 07 जेडवी 3777 का निरीक्षण किया। बस में परिवहन की जा रही खाद्य सामग्री की जांच के दौरान मिठाइयों की पैकेजिंग और उनमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री को लेकर कई अनियमितताएं सामने आईं।

ऐसे मिश्रण से तैयार किया गया मिल्क केक

जांच में करीब 2.5 क्विंटल मिल्क केक मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इसके निर्माण में स्किम्ड मिल्क पाउडर, शक्कर, रिफाइंड खाद्य तेल, सूजी और पाम ऑयल का इस्तेमाल किया गया था। उत्पाद को मिल्क केक के नाम से भेजा गया था। अधिकारियों ने इसकी वास्तविक खाद्य श्रेणी और संरचना की जांच जरूरी मानते हुए नमूने लिए हैं।

कुंदा जैसी मिठाई स्वीट डिलीशियस के नाम से

बस में करीब 1 क्विंटल दूसरी मिठाई भी मिली। यह कुंदा जैसी मिठाई थी, जिसके पैकेट पर डिलीशियस स्वीट लिखा हुआ था। पैकेट में लिखे इंग्रीडिएंट के मुताबिक इसके निर्माण में भी स्किम्ड मिल्क पाउडर और रिफाइंड ऑयल का इस्तेमाल किया गया है। इस उत्पाद के पैकेट पर निर्माण तिथि 1 अक्टूबर 2026 अंकित थी। साथ ही उपयोग की अवधि रूम टेम्परेचर पर 7 दिन और माइनस 10 डिग्री तापमान पर 3 महीने बताई गई थी। हालांकि, बस से परिवहन के दौरान उत्पाद को निर्धारित तापमान और भंडारण की शर्तों के अनुसार नहीं रखा गया था। मिठाई को पहले बोरों में लपेटकर रखने और फिर 40 किलोग्राम के प्री-पैक पैकेज तथा 10 किलोग्राम के छोटे पैकेटों में पैक किए गए थे।

तीन कारोबारियों के नाम पर बुक थी खाद्य सामग्री

बस में मिली खाद्य सामग्री अलग-अलग कारोबारियों के नाम पर बुक थी। करीब 2.5 क्विंटल मिल्क केक रीवा की रागिनी गुप्ता के नाम पर बुक था। 1 क्विंटल स्वीट डिलीशियस मिठाई उचेहरा के अनिल सारावगी के नाम भेजी गई थी। जबकि करीब 200 किलोग्राम लडड्दाना (बूंदी) कानपुर की वैष्णवी इंटरप्राइजेज से आया था, जिसकी बुकिंग रीवा के विक्रम कुशवाहा के नाम पर थी। लड्डूदाना की खेप को भी अधिकारियों ने जब्त किया है।

Created On :  

Tags

Next Story