Satna news: हैदराबाद से वाराणसी जा रही बस हाइवे पर पलटी

डिजिटल न्यूज़ सतना
हैदराबाद से बनारस जा रही बस क्रमांक एमपी 44 जेडजी 7484 गुरुवार की सुबह तकरीबन साढ़े 7 बजे मैहर जिले के अमदरा थाना क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घुनवारा के समीप गोरईया कला में पूजा पेट्रोल पंप के नजदीक सामने अचानक बड़ा वाहन आ जाने पर चालक ने एक दम से ब्रेक लगा दिया, जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। बस में 35 से ज्यादा यात्री सवार थे जिनमें से दो यात्रियों को मामूली चोट आई, जबकि बाकी यात्री सुरक्षित बताए गए हैं। हादसा होते ही स्थानीय लोगों और राहगीरों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के साथ पुलिस को सूचित किया।
मौके पर ही घायलों को दिया उपचार
राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर हादसे की सूचना मिलते ही अमदरा थाना पुलिस और NHAI की टीम मौके पर पहुंची और यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाते हुए नजदीकी खेरवासानी टोल की 1033 एंबुलेंस पेट्रोलिंग टीम को मौके पर बुला लिया। उक्त टीम में शामिल अजीत झा और पंकज चौधरी ने घायल यात्रियों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया। वहीं पूछताछ में बस कंडक्टर रातिफ खान पिता शरीफ खान,39 वर्ष निवासी जैसलमेर (राजस्थान) ने पुलिस को बताया कि सामने अचानक बड़ा वाहन आने पर चालक को तेज ब्रेक लगाना पड़ा। इससे बस फिसलकर सड़क पर पलट गई। पुलिस अब बस मालिक से संपर्क कर यात्रियों को आगे के सफर पर सुरक्षित ढंग से रवाना करने का प्रयास कर रही है।
Created On :  
