Satna News: चित्रकूट वन परिक्षेत्र के ग्राम पंचायत पिंडरा अंतर्गत करंट लगाकर दो जंगली सूअरों का शिकार

चित्रकूट वन परिक्षेत्र के ग्राम पंचायत पिंडरा अंतर्गत करंट लगाकर दो जंगली सूअरों का शिकार

डिजिटल डेस्क,सतना। चित्रकूट वन परिक्षेत्र के ग्राम पंचायत पिंडरा अंतर्गत खनतार गांव में करंट लगाकर दो जंगली सूअरों के शिकार का मामला सामने आया है। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम को खेत में दोनों सूअर मृत अवस्था में मिले। इनमें से एक को काटने का प्रयास भी किया गया था। वन विभाग ने मौके से शिकार में इस्तेमाल लकड़ी और बांस की 27 खूंटियां तथा करीब 1.5 किलो जीआई तार जब्त किया है।चित्रकूट रेंजर अभिषेक मिश्रा ने बताया कि 3 नवंबर को सुबह 11 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि खनतार गांव के एक खेत में करंट लगाकर दो जंगली सूअरों का शिकार किया गया है। वन अमले ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो शिकार में बिजली के करंट का इस्तेमाल होना पाया गया।

खेत मालिक से की गई पूछताछ

जांच के दौरान खेत मालिक राधेश्याम गौतम पिता इंद्रजीत गौतम को बुलाकर बयान दर्ज किए गए। उन्होंने बताया कि उनका और उनके भाई का खेत राहुल चतुर्वेदी पिता उमेश चतुर्वेदी निवासी पिंडरा को बटाई पर दिया गया है। उम्र 75 वर्ष होने और घर खेत से करीब दो किलोमीटर दूर होने के कारण वे नियमित खेत पर नहीं जाते।

उन्होंने शिकार की जानकारी होने से इनकार करते हुए खेत की जिम्मेदारी राहुल चतुर्वेदी की बताई। इसके बाद वन विभाग ने राहुल चतुर्वेदी के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज किया है। मझगवां के पशु चिकित्सक ने दोनों सूअरों का पोस्टमार्टम किया। बाद में वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में शवों का दाह संस्कार किया गया। वन विभाग के अनुसार आरोपी मौके से फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

Created On :  

Next Story