Satna news: प्रेम संबंध उजागर होने के डर से बड़ी बहन के प्रेमी ने की थी छोटी बहन की हत्या

प्रेम संबंध उजागर होने के डर से बड़ी बहन के प्रेमी ने की थी छोटी बहन की हत्या
11 माह बाद अंधी हत्या का खुलासा, आरोपी सीधी से गिरफ्तार

डिजिटल न्यूज़ सतना

मैहर जिले की थाना ताला पुलिस ने करीब 11 माह पुरानी नाबालिग की अंधी हत्या का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक मृतका की बड़ी बहन के प्रेमी आरोपी शीतल केवट पिता सहादेव केवट 21 वर्ष, निवासी ग्राम बेलकशरी थाना, रामपुर नैकिन, जिला सीधी ने ही प्रेम संबंध उजागर होने के डर से नाबालिग की पत्थर से सिर कुचलकर निर्मम हत्या कर दी थी। आरोपी पिछले कई महीनों से पुलिस और परिजनों को गुमराह कर रहा था। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त पत्थर और आरोपी का मोबाइल भी जब्त किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

घटनाक्रम एक नजर में

ताला थाना प्रभारी ने बताया कि 17 जनवरी को 17 वर्षीय किशोरी भैंस चराने पपरा पहाड़ जंगल गई थी, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। इसके बाद ताला थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। 25 जनवरी को जंगल में किशोरी का शव मिला था। घटनास्थल पर खून से सने पत्थर मिले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर भारी वस्तु से वार और खोपड़ी में फ्रैक्चर के कारण मौत होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने हत्या की धारा 103(1) बीएनएस बढ़ाकर जांच शुरू की।

साइबर सेल से मिले सुराग

पुलिस ने साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्यों की जांच की, तो संदेही शीतल केवट का नाम सामने आया, लिहाजा शीतल को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि मृतिका की बड़ी बहन से उसके प्रेम संबंध थे। 16 जनवरी की रात वह उससे मिलने गया था, जहां दोनों को मृतका ने आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इस बात का खुलासा घर वालों के सामने होने के डर से उसने हत्या की योजना बनाई। अगले दिन वह किशोरी के पीछे-पीछे जंगल पहुंचा और पत्थर से सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद पत्थर को तेंदू के पेड़ के पास छिपा दिया था। हत्या का खुलासा करने में ताला थाना प्रभारी महेन्द्र मिश्रा, मुकुंदपुर चौकी प्रभारी नागेश्वर मिश्रा और रामनगर थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी की सराहनीय भूमिका रही।

Created On :  

Tags

Next Story