पंजाब समाचार: केजरीवाल को लॉरेंस गैंग की धमकी, मांगी 7 करोड़ की फिरौती! बेटी को मारने की दी चेतावनी

केजरीवाल को लॉरेंस गैंग की धमकी, मांगी 7 करोड़ की फिरौती! बेटी को मारने की दी चेतावनी
अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता को जान से मारने की धमकी देकर सात करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया। आप विधायक जरनैल सिंह की शिकायत पर मोहाली में एफआईआर दर्ज की गई है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी मिली है। आरोपी ने सात करोड़ रुपये की रंगदारी मांगते हुए चेतावनी दी है कि रकम नहीं मिली तो केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता की हत्या कर दी जाएगी। धमकी आप विधायक जरनैल सिंह के मोबाइल पर फोन और व्हाट्सएप संदेश के जरिए दी गई। आरोपी ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया है।

विधायक को फोन और व्हाट्सएप पर धमकी

विधायक जरनैल सिंह ने 6 नवंबर को मोहाली के एसएसपी को दी शिकायत में बताया कि उनके निजी मोबाइल नंबर पर कॉल आई थी। इसके बाद उसी नंबर से व्हाट्सएप पर भी धमकी भरा संदेश भेजा गया। आरोपी का प्रोफाइल नाम 'एच' दिखाई दे रहा था। उसने विधायक से केजरीवाल तक सात करोड़ रुपये की मांग पहुंचाने को कहा। रकम नहीं देने पर उन्हें और उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी दी।

विधायक ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उनकी जनप्रतिनिधि की हैसियत का इस्तेमाल कर फिरौती की मांग और धमकी केजरीवाल तक पहुंचाने की कोशिश की। उन्होंने आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

बीएनएस और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज

विधायक की शिकायत पर मोहाली के साइबर क्राइम थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(4), 351(2), 351(3), 351(4), 111(2) और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच इंस्पेक्टर सुनील कुमार को सौंपी गई है।

मोबाइल नंबर और लोकेशन की जांच

विधायक ने पुलिस से आरोपी के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), आईपी लॉग और लोकेशन ट्रेस करने की मांग की है। साथ ही उसके सहयोगियों की पहचान कर गिरफ्तारी और केजरीवाल व उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। शिकायत के साथ धमकी भरे व्हाट्सएप संदेश का स्क्रीनशॉट भी सौंपा गया है।

Created On :  

Tags

Next Story