विधानसभा चुनाव 2027: यूपी में ओवैसी-आजाद का 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' तैयार, क्या दलित-मुस्लिम गठजोड़ से बदलेगा सियासी समीकरण?

यूपी में ओवैसी-आजाद का सामाजिक परिवर्तन मोर्चा तैयार, क्या दलित-मुस्लिम गठजोड़ से बदलेगा सियासी समीकरण?
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' बनाकर नए राजनीतिक गठबंधन का ऐलान किया है। ओवैसी ने इसे बीजेपी को रोकने का मजबूत विकल्प बताया, जबकि ओपी राजभर ने इसे अखिलेश यादव के लिए चुनौती करार दिया है। कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने कहा कि हर दल को अपने तरीके से राजनीति करने का अधिकार है।

डिजिटल डेस्क,लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दलित और मुस्लिम राजनीति को केंद्र में रखकर नए सियासी गठबंधन की शुरुआत हुई है। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद तथा AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' बनाने का ऐलान किया है। इस गठबंधन को प्रदेश में दलित-मुस्लिम राजनीतिक समीकरण के नए प्रयोग के तौर पर देखा जा रहा है।

AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि दोनों दलों ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाने का फैसला किया है। उन्होंने दावा किया कि यह गठबंधन भाजपा को उत्तर प्रदेश में तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए मजबूत विकल्प बनेगा। वहीं, चंद्रशेखर आजाद ने भी मोर्चे को बेहद मजबूत बताया है।

इमरान मसूद बोले- सबको राजनीति का अधिकार

गठबंधन पर कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा कि हर किसी को अपने तरीके से राजनीति करने और गठबंधन बनाने का अधिकार है। ओवैसी और चंद्रशेखर ने अपना मोर्चा बनाया है, जबकि कांग्रेस अपने तरीके से काम करेगी।

राजभर बोले- अखिलेश के लिए साबित होगा भूकंप

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओपी राजभर ने गठबंधन को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की राजनीति में बड़ा भूचाल आने वाला है, जो अखिलेश यादव के लिए भूकंप साबित होगा।

राजभर ने दावा किया कि चुनाव आते-आते मुस्लिम समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का साथ छोड़कर ओवैसी के साथ खड़े होंगे, जबकि दलित समाज चंद्रशेखर आजाद का समर्थन करेगा। उन्होंने कहा कि इस गठबंधन से उनकी किसी से लड़ाई नहीं है।

नए मोर्चे के गठन के बाद अब 2027 के चुनाव में इसकी भूमिका और दलित-मुस्लिम मतदाताओं के बीच इसके प्रभाव को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं, हालांकि अबकी बार अल्पसंख्यक वोटर्स का बीजेपी के तीसरी बार सत्ता में बरकरार रखने अहम भूमिका होगी, क्योंकि मुस्लिम वोटर्स के सपा और नए दलिल-मुस्लिम मोर्चा में जाने से सत्तारूढ़ पार्टी को अधिक लाभ होने की उम्मीद है, यदि यहीं वोट बैंक बीएसपी के पाले में जाते है तो बीएसपी -बीजेपी को कड़ी चुनौती देने में कामयाब हो सकती है। यानी अबकी चुनाव में अल्पसंख्यक का बड़ा किरदार होने वाला है।

Created On :  

Tags

Next Story