UP News: रामपुर CRPF कैंप हमले के मामले में नया मोड़, जेल से छूटे मोहम्मद शरीफ को हमलावरों ने मारी गोली

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के रामपुर CRPF कैंप पर हमले के मामले में दोषी ठहराए गए मोहम्मद शरीफ की हत्या कर दी गई है। इस घटना पर पुलिस का कहना है कि अज्ञात हमलावर उसे गोली मारकर फरार हो गए। यह घटना खजुरिया थाना इलाके की बताई जा रही है। इससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गोलीबारी में मारा गया मोहम्मद शरीफ बदनपुरी का रहने वाला था।
यह भी पढ़े -यूपी में वोटर लिस्ट की तारीखों में बदलाव, 17 नवंबर को आएगी ड्राफ्ट लिस्ट, जानें पूरा शेड्यूल
CRPF कैंप पर कब हुआ था हमला?
रामपुर CRPF कैंप पर 31 दिसंबर, 2007 और 1 जनवरी, 2008 की दरमियानी रात हमला किया गया था। इस दौरान CRPF के 7 जवान शहीद हो गए थे। इनके अलावा एक रिक्शा चालक की भी मौत हो गई थी। इस मामले में दोषी ठहराया गया मोहम्मद शरीफ 7 साल की सजा काट चुका था। इसके बाद वह जेल से बाहर आ गया था।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस फिलहाल इस मामले की जांच में जुटी हुई है। गोलीकांड के बाद मोहम्मद शरीफ को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मोहम्मद शरीफ को साल 2019 में रामपुर की सत्र न्यायालय (ट्रायल कोर्ट) ने दोषी माना था। इस दौरान कोर्ट ने उसे मौत की सजा सुनाई थी।
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने किया था बरी
ट्रायल कोर्ट के फैसले को मोहम्मद शरीफ ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में चुनौती देने के लिए याचिका दायर की थी। उसकी याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने अक्टूबर, 2025 में साक्ष्यों की कमी और अन्य कमियों के आधार पर फांसी की सजा रद्द कर दी। इसके साथ ही उसे सभी आरोपों से बरी कर दिया। उसे नवंबर, 2025 में जेल से छोड़ दिया गया था। इसके बाद वह अपने गांव बदनपुरी में रहने लगा था।
Created On :  

