मंडला न्यूज: अवैध शराब निर्माण के अड्डों पर कार्रवाई, 2000 किलो महुआ लाहन नष्ट

अवैध शराब निर्माण के अड्डों पर कार्रवाई, 2000 किलो महुआ लाहन नष्ट
आबकारी विभाग द्वारा कुल 6 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं।

डिजिटल डेस्क मंडला।

आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब निर्माण और बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ग्राम इमलीगोहान में खेत के समीप नाले के किनारे संचालित अवैध शराब निर्माण के अड्डों पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान विभिन्न स्थानों से लगभग 110 डब्बे और एक ड्रम में भरा महुआ लाहन बरामद किया गया। इसके साथ ही करीब 55 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब जब्त की गई। डब्बों और ड्रम में मिले लगभग 2000 किलो महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट किया गया। शराब बनाने में उपयोग किए जाने वाले बर्तनों को भी नष्ट किया गया। आबकारी दल को देखकर शराब निर्माण में लगे व्यक्ति मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है। इस मामले में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध 3 प्रकरण दर्ज किए गए।

इसी क्रम में नैनपुर क्षेत्र के ग्राम झिरिया और नैनपुर शहरी क्षेत्र में भी दबिश दी गई। यहां से 62 नग देशी मदिरा प्लेन और 10 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई। इस कार्रवाई में भी 3 प्रकरण दर्ज किए गए। इस प्रकार आबकारी विभाग द्वारा कुल 6 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। जब्त मदिरा एवं नष्ट किए गए महुआ लाहन की कुल अनुमानित कीमत 2 लाख 14 हजार 710 रुपये बताई गई है।


Created On :  

Tags

Next Story