- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- मंडला
- /
- घर के बाहर सो रही महिला पर बाघ ने...
मंडला न्यूज: घर के बाहर सो रही महिला पर बाघ ने किया हमला, रेस्क्यू कर मुक्की क्वारन्टाइन सेंटर भेजा
डिजिटल डेस्क मंडला
मंडला जिले के ग्राम अरौली में घर के खुले स्थान पर सो रही 46 वर्षीय महिला पर बाघ ने हमला कर दिया। घटना 7 अक्टूबर की रात करीब 10:15 बजे की है। हमले में श्रीमती रमली बाई पति रेवाराम मरावी घायल हो गईं। उन्हें तत्काल बम्हनी बंजर के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल मंडला और फिर बेहतर उपचार के लिए जबलपुर रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। वन विभाग की ओर से पीड़िता को नियमानुसार तत्कालिक सहायता राशि भी उपलब्ध कराई गई।
घटना के बाद वन विभाग ने अरौली और आसपास के क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी। ग्रामीणों को मुनादी कर सतर्क किया गया और रात में विशेष गश्ती दल तैनात कर बाघ की गतिविधियों पर नजर रखी गई।
सुबह घर की बाड़ी में मिला बाघ, किया रेस्क्यू
8 अक्टूबर की सुबह करीब 5 बजे अरौली गांव में एक घर की बाड़ी में बाघ के मौजूद होने की सूचना वन विभाग को मिली। सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा और क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए ग्रामीणों को घरों में रहने तथा सावधानी बरतने की हिदायत दी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और आवश्यक अनुमति के बाद बाघ के रेस्क्यू की कार्रवाई शुरू की गई।
उपसंचालक बफर जोन, कान्हा टाइगर रिजर्व सुश्री अमिता के.बी., वन्यप्राणी चिकित्सक डॉ. संदीप अग्रवाल, सहायक संचालक सिझौरा आशीष कुमार पाण्डेय और सहायक वन संरक्षक वन विकास निगम मंडला श्रीमती अर्चना नारनौरे की मौजूदगी व मार्गदर्शन में परिक्षेत्र खटिया के रेस्क्यू दल और वन विभाग की टीम ने बाघ को सुरक्षित रेस्क्यू किया।
रेस्क्यू अभियान में थाना खटिया व थाना टाटरी का पुलिस बल, हॉक फोर्स, राजस्व विभाग और स्थानीय ग्रामीणों ने सहयोग किया। संयुक्त प्रयासों से अभियान शांतिपूर्ण तरीके से पूरा हुआ और किसी तरह की अप्रिय स्थिति नहीं हुई।
बाघ को मुक्की क्वारन्टाइन सेंटर भेजा
रेस्क्यू किए गए बाघ को वन्यप्राणी चिकित्सक की निगरानी में मुक्की स्थित क्वारन्टाइन सेंटर भेजा गया है। वहां उसके स्वास्थ्य और व्यवहार की जांच के साथ
आवश्यक निगरानी की जाएगी।
Created On :   8 Oct 2026 3:18 PM IST












